
भरुआ सुमेरपुर: बांकी स्थित गौ आश्रय स्थल में गुरुवार शाम मुख्य विकास अधिकारी अरुण कुमार सिंह के औचक निरीक्षण के दौरान अव्यवस्थाएं सामने आईं। निरीक्षण के दौरान गौशाला में दो गोवंश मृत मिले, जबकि तीन गोवंश मरणासन्न हालत में पाए गए। गौशाला में भूसा और पानी की व्यवस्था भी नहीं मिलने पर सीडीओ ने नाराजगी जाहिर की और संबंधित अधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगने के आदेश दिए। मुख्य विकास अधिकारी अरुण कुमार सिंह ने गुरुवार शाम करीब चार बजे बांकी के गौ आश्रय स्थल का अचानक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्हें गौशाला परिसर में दो गोवंश मृत मिले। वहीं तीन गोवंश की हालत बेहद गंभीर थी और वे मरणासन्न अवस्था में पाए गए। मौके पर गोवंश के लिए भूसा और पानी की व्यवस्था नहीं मिलने पर सीडीओ ने जिम्मेदार अधिकारियों के प्रति नाराजगी जताई।
तीन अधिकारियों से मांगा गया स्पष्टीकरण
गौशाला में सामने आई अव्यवस्थाओं को गंभीरता से लेते हुए मुख्य विकास अधिकारी ने खंड विकास अधिकारी संतोष कुमार श्रीवास्तव, पशु चिकित्साधिकारी डॉ. अंकुर सचान और पंचायत सचिव प्रदीप कुमार गौतम से स्पष्टीकरण मांगने के आदेश दिए हैं। सीडीओ के निरीक्षण के दौरान गोवंश के रखरखाव और उनके लिए जरूरी व्यवस्थाओं की स्थिति को लेकर कई कमियां सामने आईं। बांकी गौशाला के निरीक्षण के बाद मुख्य विकास अधिकारी ने बिलहड़ी स्थित गौ आश्रय स्थल का भी जायजा लिया। वहां निरीक्षण के दौरान व्यवस्थाएं ठीक पाई गईं। अधिकारियों को गोवंश के रखरखाव और गौशाला की व्यवस्थाओं को लेकर आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।