
उत्तर प्रदेश: कस्बे के राजकीय महाविद्यालय की छह छात्राओं का महारानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना के तहत विश्वविद्यालय की मेरिट सूची में शीर्ष पांच प्रतिशत छात्राओं में चयन हुआ है। छात्राओं की इस उपलब्धि से महाविद्यालय में उत्साह का माहौल है। इसके साथ ही महाविद्यालय में छात्र-छात्राओं की प्रवेश संख्या में भी लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. विद्या वर्मा ने बताया कि सत्र 2024-25 में प्रथम वर्ष में छात्र-छात्राओं की संख्या 261 थी। सत्र 2025-26 में यह संख्या बढ़कर 308 हो गई। वहीं, वर्तमान सत्र में प्रथम वर्ष में प्रवेश लेने वाले छात्र-छात्राओं की संख्या 410 से अधिक हो चुकी है। लगातार बढ़ रही प्रवेश संख्या से महाविद्यालय में विद्यार्थियों की संख्या में भी इजाफा हुआ है।
छह छात्राएं चयनित
प्राचार्य डॉ. विद्या वर्मा ने बताया कि महारानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना के तहत महाविद्यालय की छह छात्राओं को नामित किया गया है। इनमें मुस्कान, काजल, संजना, प्रियांशी, मोहनी और अंकिता देवी शामिल हैं। विश्वविद्यालय की मेरिट में शीर्ष पांच प्रतिशत छात्राओं की सूची में स्थान मिलने से छात्राओं और उनके परिवारों में खुशी है।
979 विद्यार्थी अध्ययनरत
राजकीय महाविद्यालय में वर्तमान समय में सभी कक्षाओं को मिलाकर कुल 979 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। महाविद्यालय में लगातार बढ़ रही विद्यार्थियों की संख्या को क्षेत्र में उच्च शिक्षा के प्रति बढ़ती रुचि से जोड़कर देखा जा रहा है। ग्रामीण और आसपास के क्षेत्रों के विद्यार्थियों के लिए यह महाविद्यालय उच्च शिक्षा के महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में उभर रहा है। महाविद्यालय की ओर से विद्यार्थियों और अभिभावकों को उच्च शिक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। प्रवेश संख्या में हो रही वृद्धि को इन प्रयासों से भी जोड़कर देखा जा रहा है। महाविद्यालय प्रशासन विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षिक वातावरण और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दे रहा है। अभिभावकों का कहना है कि प्राचार्या डॉ. विद्या वर्मा के कुशल नेतृत्व, कर्मठता, सतत प्रयास और प्रभावी मार्गदर्शन में विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षिक वातावरण उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है। विद्यार्थियों की पढ़ाई के साथ उनकी उपलब्धियों को प्रोत्साहित करने की दिशा में भी महाविद्यालय स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं। महाविद्यालय प्रशासन ने छह छात्राओं के महारानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना में चयन और विद्यार्थियों की बढ़ती संख्या का श्रेय प्राचार्य के मार्गदर्शन के साथ ही समस्त प्राध्यापकों और कर्मचारियों के प्रयासों को दिया है। छात्राओं की उपलब्धि और महाविद्यालय में बढ़ती प्रवेश संख्या से शिक्षकों और विद्यार्थियों में उत्साह का माहौल है।