
भरुआ सुमेरपुर: कस्बे और आसपास के क्षेत्रों में अवैध मिट्टी खनन का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। प्रशासन की लगातार कार्रवाई के बावजूद मिट्टी खनन करने वाले लोग मौका मिलते ही सक्रिय हो जाते हैं और अवैध रूप से मिट्टी निकालकर उसे महंगे दामों पर बेच रहे हैं। शनिवार दोपहर बाद प्रशासन ने एक बार फिर कार्रवाई करते हुए केंद्रीय विद्यालय के आगे अवैध मिट्टी खनन स्थल पर छापा मारा। इस दौरान मिट्टी खनन में लगी एक जेसीबी और ट्रैक्टर को पकड़ लिया गया। जेसीबी चालक को हिरासत में लेकर पुलिस के सुपुर्द किया गया, जबकि ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। जानकारी के अनुसार, एसडीएम सदर के निर्देश पर नायब तहसीलदार रमेश चंद्र नामदेव ने राजस्व और पुलिस टीम के साथ केंद्रीय विद्यालय के आगे हो रहे अवैध मिट्टी खनन स्थल पर छापेमारी की। टीम को मौके पर मिट्टी की खुदाई करते हुए जेसीबी और ट्रैक्टर दिखाई दिए। प्रशासनिक टीम को देखकर दोनों वाहनों के चालक मौके से भागने लगे।
जेसीबी चालक को पुलिस ने हिरासत में लिया
कार्रवाई के दौरान टीम ने पीछा कर जेसीबी को चालक सहित पकड़ लिया, जबकि ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर भागने में सफल रहा। इसके बाद दोनों वाहनों को फैक्टरी एरिया पुलिस चौकी पहुंचाया गया, जहां उन्हें चौकी प्रभारी के सुपुर्द कर दिया गया। जेसीबी चालक को पुलिस हिरासत में देकर मामले में आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। नायब तहसीलदार रमेश चंद्र नामदेव ने थाना प्रभारी को पत्र लिखकर पूरी कार्रवाई से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि यह छापेमारी एसडीएम सदर के निर्देश पर भ्रमण के दौरान की गई थी। मौके से पकड़े गए दोनों वाहनों को पुलिस चौकी में खड़ा कराया गया है, जबकि जेसीबी चालक को पुलिस के हवाले किया गया है। कार्रवाई के दौरान लेखपाल अटल तिवारी और महेंद्र कुमार सहित पुलिस बल मौजूद रहा। प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध मिट्टी खनन में संलिप्त लोगों में हड़कंप मच गया है। हालांकि, लगातार कार्रवाई के बाद भी क्षेत्र में अवैध खनन की गतिविधियां जारी रहने से इस पर प्रभावी रोक लगाने की चुनौती बनी हुई है।