
गाजियाबाद: विकास प्राधिकरण ने मोदीनगर में अवैध रूप से विकसित की जा रही कॉलोनी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए निर्माण को ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई प्रवर्तन जोन-2 के अंतर्गत ग्राम रोरी में मंगल विहार कॉलोनी के पीछे की गई। प्राधिकरण के अनुसार, करीब 17 हजार वर्ग मीटर क्षेत्र में अवैध कॉलोनी विकसित करने के लिए सड़कों के निर्माण और मिट्टी भराई का काम किया जा रहा था। प्राधिकरण के मुताबिक, खसरा संख्या 922, 923 और 924 की जमीन पर कॉलोनी विकसित करने की तैयारी की जा रही थी। मौके पर अवैध रूप से सड़कें बनाने के लिए मिट्टी भराई का काम चल रहा था। इसके अलावा कॉलोनाइजर की ओर से आरसीसी सड़कें और बाउंड्रीवॉल भी बनाई गई थीं।
जीडीए की टीम ने कार्रवाई के दौरान मौके पर किए गए इन निर्माण कार्यों को ध्वस्त कर दिया। प्राधिकरण के अनुसार, अवैध कॉलोनी में प्लॉटिंग के लिए तैयार की गई आरसीसी सड़कों और बाउंड्रीवॉल को भी हटाया गया।
कार्रवाई के दौरान कॉलोनाइजरों ने किया विरोध
ध्वस्तीकरण की कार्रवाई के दौरान स्थानीय निर्माणकर्ताओं और कॉलोनाइजरों की ओर से विरोध किया गया। मौके पर स्थिति को देखते हुए प्राधिकरण पुलिस बल की मौजूदगी में कार्रवाई जारी रखी गई। पुलिस बल ने विरोध कर रहे लोगों को नियंत्रित किया, जिसके बाद प्राधिकरण की टीम ने ध्वस्तीकरण की कार्रवाई पूरी की। यह कार्रवाई विकास प्राधिकरण प्रभारी राजीव रत्न सिंह के नेतृत्व में प्रवर्तन जोन-2 की टीम ने की। मौके पर सहायक अभियंता अनिल सिंह, अवर अभियंता पवन कुमार और प्रवर्तन जोन-2 का स्टाफ मौजूद रहा।
इसके अलावा प्राधिकरण पुलिस बल और प्रवर्तन दस्ता भी कार्रवाई के दौरान मौके पर तैनात रहा। प्राधिकरण की टीम ने अवैध रूप से किए जा रहे निर्माण और प्लॉटिंग से जुड़े ढांचों को ध्वस्त किया। जीडीए की इस कार्रवाई के दौरान सड़क निर्माण और बाउंड्रीवॉल समेत मौके पर किए गए अन्य निर्माण को हटाया गया।