
मुंबई: मुंबई स्थित आईआईटी बॉम्बे के छात्र साहिल वाकोड़े की आत्महत्या के मामले में परीक्षा केंद्र का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। इस फुटेज में साहिल की मौत से पहले परीक्षा हॉल के अंदर हुई गतिविधियों को देखा जा सकता है। वीडियो में साहिल परीक्षा के दौरान मोबाइल फोन का इस्तेमाल करते नजर आ रहे हैं। आरोप है कि वह प्रश्न पत्र को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस टूल ChatGPT पर अपलोड करने का प्रयास कर रहे थे। सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहा है कि परीक्षा के दौरान ड्यूटी पर मौजूद प्रोफेसर सूर्य नारायण डूला की नजर साहिल पर जाती है। इसके बाद प्रोफेसर उनकी सीट के पास पहुंचते हैं। मोबाइल फोन देखने के बाद साहिल को अपनी सीट से उठने के लिए कहा जाता है।
CCTV में प्रोफेसर साहिल को बाहर ले जाते दिखे
फुटेज में आगे प्रोफेसर सूर्य नारायण डूला साहिल को परीक्षा हॉल से बाहर ले जाते हुए दिखाई देते हैं। यही वह घटनाक्रम है, जिसके बाद छात्र की मौत का मामला सामने आया और पूरे प्रकरण को लेकर कई सवाल उठे। परीक्षा हॉल से बाहर निकाले जाने के बाद कुछ समय बीतने पर साहिल का शव उसके कमरे में मिला था। घटना के बाद पुलिस ने प्रोफेसर सूर्य नारायण डूला के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया। इसके साथ ही एससी/एसटी एक्ट के तहत भी धाराएं लगाई गईं। मामले की जांच अब क्राइम ब्रांच कर रही है। साहिल के परिवार ने आरोप लगाया है कि परीक्षा हॉल से बाहर ले जाने के बाद उसके साथ उत्पीड़न और अपमानजनक व्यवहार किया गया। परिवार की ओर से प्रोफेसर पर जातिगत टिप्पणी करने, मानसिक रूप से प्रताड़ित करने और धमकी देने के आरोप भी लगाए गए हैं।
वहीं, संस्थान प्रशासन की ओर से कहा गया था कि परीक्षा के दौरान मोबाइल फोन के इस्तेमाल के मामले में छात्र को नियमों के बारे में बताया गया था और सामान्य काउंसिलिंग की गई थी। अब सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद जांच एजेंसियां परीक्षा हॉल में हुई घटनाओं का बारीकी से परीक्षण कर रही हैं और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि परीक्षा केंद्र की घटना और साहिल की मौत के बीच क्या संबंध था।