
भरुआ सुमेरपुर: नेशनल हाईवे-34 पर सुबह पेट्रोल पंप के समीप तेज रफ्तार डंपर ने सामने से आ रही कार में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त होकर हाईवे से उछलते हुए पेट्रोल पंप की तरफ जा गिरी। हादसे में कार चालक को चोटें आईं, जबकि कार के पीछे बाइक से चल रहे एक व्यक्ति भी इसकी चपेट में आकर घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। नारायनपुर निवासी दीवान सिंह सुबह करीब 9:30 बजे कार लेकर कस्बे आए थे। काम पूरा करने के बाद वह कार से वापस अपने गांव जा रहे थे। इसी दौरान पेट्रोल पंप के सामने हमीरपुर की ओर से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने उनकी कार में सामने से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही कार अनियंत्रित होकर हाईवे से उछली और पेट्रोल पंप की तरफ जा गिरी।
बाइक सवार भी कार की चपेट में आया
हादसे के समय कार के पीछे बाइक से रामनारायण यादव भी जा रहे थे। अचानक कार के अनियंत्रित होकर उनकी ओर आने से वह भी इसकी चपेट में आ गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया गया कि रामनारायण यादव पेट्रोल पंप के पीछे रहते हैं और सुबह बच्चियों को स्कूल छोड़ने के बाद बाइक से घर लौट रहे थे। हादसे में कार चालक दीवान सिंह को भी चोटें आई हैं। दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और डंपर को कब्जे में ले लिया। हादसे में क्षतिग्रस्त कार को देखकर टक्कर की तीव्रता का अंदाजा लगाया जा सकता है।
कार चालक दीवान सिंह ने डंपर चालक के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है। थानाध्यक्ष पवन कुमार पटेल ने बताया कि मामले में तहरीर प्राप्त हुई है और घटना की जांच की जा रही है। जांच के बाद हादसे से जुड़ी आगे की कार्रवाई की जाएगी।