
दुबई: दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट में यात्रियों की जान बचाने वाले भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मछार की तबियत अब स्थिर बताई जा रही है। सऊदी अरब के तबूक अस्पताल में प्राथमिक उपचार और सर्जरी के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए अबू धाबी एयरलिफ्ट किया गया है। फ्लाइट के दौरान को-पायलट द्वारा किए गए जानलेवा हमले के बावजूद कैप्टन स्मित मछार ने 170 से अधिक यात्रियों की जान बचाने में अहम भूमिका निभाई। घटना के बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया था। तबूक में प्राथमिक उपचार और सर्जरी के बाद अब उन्हें यूएई में आगे की चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
तेजी से स्वस्थ हो रहे कैप्टन मछार
यूएई में भारत के राजदूत दीपक मित्तल ने अस्पताल पहुंचकर कैप्टन स्मित मछार और उनके परिवार से मुलाकात की। इसके बाद भारतीय दूतावास की ओर से उनकी सेहत को लेकर जानकारी साझा की गई। दूतावास के मुताबिक कैप्टन स्मित मछार का स्वास्थ्य अच्छा है और वह तेजी से स्वस्थ हो रहे हैं। उनके लगातार इलाज और देखभाल को सुनिश्चित करने के लिए भारतीय दूतावास स्थानीय अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क और समन्वय बनाए हुए है।
कैप्टन मछार को अबू धाबी लाए जाने के बाद उन्हें बेहतर मेडिकल देखभाल उपलब्ध कराई जा रही है। भारतीय अधिकारियों की ओर से उनकी स्वास्थ्य स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। भारतीय दूतावास ने कैप्टन मछार के इलाज में सहयोग के लिए यूएई के अधिकारियों का भी धन्यवाद किया है। फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई गई है और वह चिकित्सा निगरानी में तेजी से स्वस्थ हो रहे हैं।