
बिहार: बिहार के अररिया जिले में सड़क हादसे के बाद शराब की लूट का मामला सामने आया है। अररिया-रानीगंज मुख्य मार्ग पर एनएच-327 ई स्थित गीतवास टोल प्लाजा के पास विदेशी शराब से लदा एक ट्रक दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे के बाद ट्रक का चालक और खलासी मौके से फरार हो गए। इसी बीच स्थानीय लोगों को ट्रक में शराब लदी होने की जानकारी मिली, जिसके बाद घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुटने लगी। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग ट्रक के पास पहुंच गए और उसमें रखी शराब की बोतलें और कार्टन निकालकर ले जाने लगे। कुछ ही देर में वहां शराब लूटने की होड़ मच गई। लोग जितनी शराब ले जा सकते थे, उतनी लेकर मौके से निकलने लगे। इस दौरान कई लोग कार्टन भरकर ले जाते दिखाई दिए।
पुलिस के पहुंचने से पहले आधी से ज्यादा शराब गायब
ट्रक में शराब होने की खबर आसपास के गांवों में फैलते ही घटनास्थल पर भीड़ बढ़ने लगी। शराब ले जाने वालों में बच्चे और बुजुर्ग भी शामिल थे। कुछ लोग मोटरसाइकिल से मौके पर पहुंचे और ट्रक से शराब के कार्टन निकालकर अपने साथ ले गए। ट्रक में अलग-अलग ब्रांड की विदेशी शराब लदी हुई थी। लोग बिना किसी रोक-टोक के बोतलें और कार्टन लेकर जाते रहे। इस अफरा-तफरी का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें लोगों को ट्रक से शराब निकालकर ले जाते हुए देखा जा सकता है।
हादसे की सूचना मिलने के बाद रानीगंज और अन्य थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले ही ग्रामीण ट्रक में लदी आधे से ज्यादा शराब लेकर जा चुके थे। घटनास्थल पर सदर एसडीपीओ सुशील कुमार सिंह, रानीगंज थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार समेत अन्य पुलिस अधिकारी और जवान पहुंचे। पुलिस ने मौके की जांच शुरू की और ट्रक से गायब हुई शराब के संबंध में जानकारी जुटाई। पुलिस अब सड़क हादसे के साथ-साथ शराब लूटने के मामले की भी जांच कर रही है। घटनास्थल से शराब लेकर जाने वाले लोगों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। इसके साथ ही लूटी गई शराब की बरामदगी के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं। हादसे के बाद फरार हुए ट्रक चालक और खलासी के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।