
धनबाद: धनबाद के बरवाअड्डा थाना क्षेत्र स्थित सब्जी मंडी में शनिवार देर रात भीषण आग लगने से एक दर्जन से अधिक दुकानें और झोपड़ियां जलकर राख हो गईं। आग की चपेट में आने से दुकानदारों की हजारों रुपये मूल्य की सब्जियां भी पूरी तरह नष्ट हो गईं। दुकानदारों ने आग लगाने का आरोप असामाजिक तत्वों पर लगाया है। यह घटना मंदाकिनी उच्च विद्यालय के समीप स्थित सब्जी मंडी की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, शनिवार रात सब्जी विक्रेता रोजाना की तरह अपनी दुकानें बंद कर घर चले गए थे। उनके जाने के बाद मंडी की झोपड़ियों में आग लगा दी गई। झोपड़ियां सूखी होने के कारण आग तेजी से फैलती चली गई और कुछ ही देर में मंडी का बड़ा हिस्सा इसकी चपेट में आ गया।
दुकानदारों ने लगाया शरारती तत्वों पर आरोप
स्थानीय दुकानदारों के अनुसार, मंडी के पास स्थित खाली मैदान में रात के समय असामाजिक तत्वों और नशेड़ियों का जमावड़ा रहता है। दुकानदारों का आरोप है कि हर साल इसी तरह की घटनाएं होती हैं, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है। दुकानदारों ने यह भी आरोप लगाया कि क्षेत्र में नियमित पुलिस गश्त नहीं होने के कारण शरारती तत्वों का मनोबल बढ़ा हुआ है। आग की घटना के बाद प्रभावित दुकानदारों के सामने अपनी रोजी-रोटी को लेकर भी संकट खड़ा हो गया है।
घटना की सूचना मिलते ही बरवाअड्डा थाना प्रभारी रवि कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तत्काल अग्निशमन विभाग को सूचना दी। इसके बाद दमकल की टीम घटनास्थल पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया। दमकल कर्मियों की तत्परता से आग को आसपास की अन्य दुकानों और इलाके में फैलने से रोक लिया गया। हालांकि, आग लगने से कई सब्जी विक्रेताओं की दुकानें और उनमें रखा सामान पूरी तरह जल गया। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आग लगने के कारणों का पता लगाने के साथ ही उन लोगों की पहचान करने में जुटी है, जिन पर दुकानदारों ने आग लगाने का आरोप लगाया है। जांच के बाद ही घटना की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।