अनूपपुर में युवक का खूनी खेल, मां-नाना-नानी समेत 4 की हत्या; कई घायल

मध्य प्रदेश: मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। करणपाथर थाना क्षेत्र की सरई चौकी अंतर्गत अमोदा गांव में 32 वर्षीय युवक प्रेम सिंह गौड़ ने कथित तौर पर अपने ही परिवार के लोगों पर लाठी-डंडे से हमला कर दिया। हमले में उसके नाना, नानी, मां और मामा की पांच वर्षीय बेटी की मौत हो गई। वहीं, दो बच्चों समेत चार अन्य लोग घायल हुए हैं। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है।घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने आरोपी युवक को पकड़कर रस्सी से बांध दिया और पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया। पुलिस अधीक्षक विक्रांत मुराब के मुताबिक, घटना अमोदा गांव में हुई। मृतकों की पहचान 75 वर्षीय संपत सिंह गोंड, 70 वर्षीय भन्नी बाई, 50 वर्षीय अनुपिया बाई और पांच वर्षीय मोनिका के रूप में हुई है। मोनिका हमले में गंभीर रूप से घायल हुई थी और उसे इलाज के लिए शहडोल मेडिकल कॉलेज ले जाया गया था, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

पहले पुजारी पर किया था हमला

पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार, आरोपी की मानसिक स्थिति ठीक नहीं बताई जा रही है। वह कुछ समय से पारिवारिक विवाद के चलते अपने नाना-नानी के घर अमोदा गांव में रह रहा था। पुलिस के मुताबिक, परिवार पर हमला करने से पहले आरोपी ने गांव के शनि मंदिर में पुजारी गंगाराम पर भी डंडे से हमला किया था। हमले में पुजारी गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गए। पुजारी पर हमले की आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आरोपी को पकड़ लिया। ग्रामीणों ने उसे रस्सी से बांध दिया। इसके बाद घायल पुजारी को इलाज के लिए जबलपुर जिले के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। बताया गया है कि ग्रामीणों ने आरोपी को रात में घर के पास बांधकर रखा था। सुबह करीब चार से पांच बजे के बीच उसकी मां को लगा कि अब वह किसी को नुकसान नहीं पहुंचाएगा। इसके बाद उसके हाथ-पैर खोल दिए गए। रस्सियां खुलते ही आरोपी ने दोबारा डंडा उठा लिया और घर में मौजूद परिजनों पर हमला शुरू कर दिया। आरोपी ने सबसे पहले अपने नाना, नानी, मां और मामा की पांच वर्षीय बेटी पर हमला किया। हमले में सभी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के दौरान आंगन में खेल रहे दो बच्चों पर भी हमला किए जाने की बात सामने आई है। परिवार की एक लड़की किसी तरह घर से निकलकर भागी और उसने रिश्तेदारों को घटना की जानकारी दी।

रिश्तेदार चैन सिंह जब मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव की कोशिश की तो आरोपी ने उन पर भी हमला कर दिया। इस हमले में चैन सिंह का एक हाथ टूट गया और सिर में चोट आई है। इसके अलावा चंचल और भारती नाम के दो बच्चे भी घायल हुए हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस के अनुसार, वारदात देर रात करीब दो बजे से सुबह साढ़े पांच बजे के बीच हुई। ग्रामीणों के आरोपी को काबू करने तक संपत सिंह, भन्नी बाई और अनुपिया बाई की मौत हो चुकी थी। वहीं, गंभीर रूप से घायल पांच वर्षीय मोनिका ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इसके बाद मृतकों की संख्या चार हो गई।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस आरोपी की मानसिक स्थिति, पारिवारिक विवाद और वारदात के पीछे की परिस्थितियों की जांच कर रही है। रिश्तेदारों ने यह भी दावा किया है कि आरोपी पूर्व में अपनी पत्नी के साथ मारपीट करता था और उसकी पत्नी करीब तीन साल पहले उसे छोड़कर चली गई थी। हालांकि, इन दावों की भी पुलिस जांच कर रही है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की परिस्थितियों और हमले के कारणों का पता लगाने में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *