बुलंदशहर में प्रसव के दौरान जच्चा-बच्चा की मौत, प्राइवेट क्लीनिक पर लापरवाही का आरोप

बुलंदशहर: स्याना कोतवाली रोड स्थित हापुड़ बस स्टैंड के पास धन्वन्तरि क्लीनिक में प्रसव के दौरान 37 वर्षीय गर्भवती महिला और उसके नवजात बच्चे की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में शोक का माहौल है। महिला के पति ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। मोहल्ला इस्लामनगर, तहसील के पीछे निवासी शहजाद ने अपनी पत्नी शबाना को प्रसव के लिए धन्वन्तरि क्लीनिक में भर्ती कराया था। परिजनों के मुताबिक, प्रसव के दौरान महिला की हालत बिगड़ गई और जच्चा-बच्चा दोनों की मौत हो गई। मृतका के पति की ओर से दी गई तहरीर में इलाज के दौरान लापरवाही का आरोप लगाया गया है। तहरीर में यह भी कहा गया है कि महिला का इलाज सरकारी चिकित्सक डॉ. रजनी यादव की देखरेख में किया जा रहा था। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होने की उम्मीद है।

स्वास्थ्य विभाग ने क्लीनिक किया सील

घटना की जानकारी मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम धन्वन्तरि क्लीनिक पहुंची। टीम ने कार्रवाई करते हुए क्लीनिक को सील कर दिया। वहीं, पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की ओर से मामले की जांच की जा रही है। परिजनों द्वारा लगाए गए लापरवाही के आरोपों की भी जांच की जाएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्ष के बाद ही जच्चा-बच्चा की मौत की वास्तविक वजह सामने आने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *