
हमीरपुर: हमीरपुर जिले के राठ में अनुसूचित जाति/जनजाति आयोग के सदस्य रमेशचंद्र कुण्डे ने नगर पालिका परिषद पहुंचकर चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारियों से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने कर्मचारियों से उनके कार्यस्थल पर होने वाले व्यवहार, जातिगत भेदभाव और आर्थिक शोषण से जुड़े विषयों पर जानकारी ली। साथ ही, सरकार की ओर से गरीब और जरूरतमंद कर्मचारियों के लिए चलाई जा रही योजनाओं तथा सुविधाओं के बारे में भी बताया। कार्यक्रम के दौरान रमेशचंद्र कुण्डे ने कर्मचारियों से पूछा कि क्या उन्हें काम के दौरान जातिगत भेदभाव, सार्वजनिक उपेक्षा या किसी तरह के आर्थिक और जातिगत शोषण का सामना करना पड़ता है। इस पर कर्मचारियों ने उनके साथ किसी भी प्रकार का भेदभाव होने से इनकार किया।
सरकारी योजनाओं का लाभ लेने की दी जानकारी
संवाद के दौरान आयोग के सदस्य रमेशचंद्र कुण्डे ने बताया कि सरकार की ओर से विशेष रूप से गरीब और जरूरतमंद चतुर्थ श्रेणी के लोगों के लिए कई योजनाएं चलाई जा रही हैं। उन्होंने कर्मचारियों को इन योजनाओं की जानकारी प्राप्त करने और पात्रता के अनुसार उनका लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि कर्मचारी योजनाओं से संबंधित जानकारी जिला समाज कल्याण अधिकारी के कार्यालय या संबंधित वेबसाइट के माध्यम से प्राप्त कर सकते हैं। इससे उन्हें सरकारी सुविधाओं और योजनाओं के बारे में जानने तथा उनका लाभ लेने में मदद मिल सकती है। इस अवसर पर नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी राजेश कुमार वर्मा, प्रधान लिपिक विजय कुमार, सभासद जीतेंद्र चौबे, सफाई निरीक्षक मोहित शर्मा उर्फ जोन्टी, मोनू उपाध्यक्ष और आशु मिश्रा सहित कई कर्मचारी तथा सफाईकर्मी मौजूद रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य कर्मचारियों से सीधे संवाद कर उनकी स्थिति और समस्याओं की जानकारी लेना तथा उन्हें सरकार की ओर से उपलब्ध सुविधाओं के प्रति जागरूक करना रहा।