
मथुरा: वृंदावन में श्री रामलीला कमेटी की ओर से 23 अक्टूबर से आयोजित होने वाली श्रीरामलीला की तैयारियां शुरू हो गई हैं। आयोजन से पहले कमेटी के पदाधिकारियों ने श्री रंगनाथ मंदिर के बड़े बगीचे में विधि-विधान के साथ भूमि पूजन किया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुए पूजन में भगवान श्रीराम से रामलीला का आयोजन सफलतापूर्वक और बिना किसी बाधा के संपन्न कराने की प्रार्थना की गई।
वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुआ भूमि पूजन
मुहूर्त के अनुसार आचार्य सुधीर कांत शास्त्री के आचार्यत्व में भूमि पूजन कार्यक्रम संपन्न हुआ। पूजन की शुरुआत प्रथम पूज्य भगवान गणपति गणेश के आह्वान और पूजा-अर्चना के साथ की गई। इसके बाद नवग्रह सहित अन्य पूजन विधियां संपन्न कराई गईं। तत्पश्चात भगवान श्रीराम, माता जानकी और हनुमान जी महाराज का पूजन किया गया। रामलीला के लिए तैयार होने वाले पंडाल में इस्तेमाल की जाने वाली बल्ली का भी पूजन किया गया। कमेटी के संस्थापक अध्यक्ष आलोक बंसल ने बताया कि श्रीरामलीला का आयोजन सकुशल और निर्विघ्न संपन्न हो, इसी उद्देश्य से शारदीय नवरात्र के दौरान देवी-देवताओं का पूजन किया गया। उन्होंने कहा कि भगवान से प्रार्थना की गई है कि इस वर्ष श्रीरामलीला का आयोजन पिछले वर्ष की तुलना में और अधिक भव्यता के साथ संपन्न हो। भूमि पूजन कार्यक्रम में कमेटी के अध्यक्ष भीमसेन अग्रवाल, अनिल गौतम, वंशी तिवारी, कोषाध्यक्ष लक्ष्मीनारायण दीक्षित, शुभम अग्रवाल, आलौकिक शर्मा, नीरज गौतम, गोविंद खंडेलवाल, अजय अग्रवाल, आशीष ठाकुर, आनंद गुप्ता, पलाश अग्रवाल, आनंद शर्मा, ठाकुर कालीचरण सिंह, अशोक यादव, सुरेश मूर्ति वाले, आलोक अग्रवाल, हिमांशु बंसल, पवन गौतम और कृष्णकुमार गुप्ता सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।