मथुरा कलेक्ट्रेट में ईवीएम प्रदर्शन केंद्र शुरू, मतदाता कर सकेंगे मॉक पोल

मथुरा: आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियों के तहत जिला प्रशासन ने मतदाताओं को ईवीएम और वीवीपैट की कार्यप्रणाली से परिचित कराने की पहल शुरू कर दी है। इसी क्रम में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट परिसर स्थित इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर में ईवीएम प्रदर्शन केंद्र स्थापित किया गया। जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने फीता काटकर केंद्र का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने स्वयं ईवीएम के माध्यम से मॉक पोल कर मतदान प्रक्रिया का प्रदर्शन देखा। उद्घाटन के दौरान अधिकारियों, कर्मचारियों और आम नागरिकों ने भी डेमो मतदान में हिस्सा लिया। प्रशासन का उद्देश्य मतदाताओं को ईवीएम और वीवीपैट के इस्तेमाल की जानकारी देना तथा मतदान प्रक्रिया से जुड़ी उनकी शंकाओं का समाधान करना है।

पांच तहसीलों में भी बनाए गए प्रदर्शन केंद्र

जिला प्रशासन के अनुसार, कलेक्ट्रेट के अलावा छाता, मांट, गोवर्धन, मथुरा और बल्देव तहसील मुख्यालयों पर भी ईवीएम प्रदर्शन केंद्र स्थापित किए गए हैं। इन केंद्रों पर प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक नागरिक पहुंचकर ईवीएम और वीवीपैट की कार्यप्रणाली समझ सकेंगे। प्रत्येक केंद्र पर एक नायब तहसीलदार, दो कर्मचारी और एक मास्टर ट्रेनर की तैनाती की गई है। प्रशासन ने प्रदर्शन और प्रशिक्षण के लिए ईवीएम वेयरहाउस से कुल 136 मशीनें उपलब्ध कराई हैं। इनमें प्रत्येक तहसील को पांच-पांच और नगर मजिस्ट्रेट को 10 मशीनें दी गई हैं। शेष 101 मशीनों का इस्तेमाल मतदान कार्मिकों के प्रशिक्षण में किया जाएगा। प्रदर्शन के बाद मशीनों को प्रतिदिन निर्धारित स्ट्रांग रूम में पुलिस सुरक्षा के बीच सुरक्षित रखा जाएगा। इस दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. पंकज कुमार वर्मा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। वहीं, जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने बताया कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के तहत 21 और 22 नवंबर को जनपद के सभी मतदेय स्थलों पर विशेष शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों के माध्यम से मतदाता सूची से संबंधित कार्य किए जाएंगे। जिला प्रशासन ने नागरिकों से अभियान में भाग लेने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *