
मथुरा: मथुरा-वृंदावन में बिना अनुमति 454 पेड़ कटवाने के मामले में अवमानना की कार्रवाई का सामना कर रहे कारोबारी शंकर अग्रवाल उर्फ शिव शंकर अग्रवाल को सुप्रीम कोर्ट से राहत की राह मिली है। अदालत ने उन्हें उत्तर प्रदेश सरकार के पांच संचालित या सहायता प्राप्त संस्थानों को कुल 50 लाख रुपये दान देने का निर्देश दिया है। यह धनराशि विधवाओं, निराश्रितों और बीमार लोगों के कल्याण पर खर्च की जाएगी। मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली पीठ ने मामले की सुनवाई की। पीठ में न्यायमूर्ति जोयमाल्या बागची और न्यायमूर्ति वी. मोहना भी शामिल थे। कारोबारी की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता मुकुल रोहतगी ने अदालत को बताया कि उनके मुवक्किल इस मामले में पहले ही काफी सजा भुगत चुके हैं। वह करीब एक महीने जेल में भी रह चुके हैं।
पेड़ कटाई पर लगा था 4.54 करोड़ रुपये का जुर्माना
मामले में कारोबारी पर अवैध रूप से कटवाए गए प्रत्येक पेड़ के लिए एक लाख रुपये के हिसाब से कुल 4.54 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया गया था। इसके अलावा उन्होंने करीब दो करोड़ रुपये खर्च कर 9.46 हेक्टेयर जमीन खरीदी और पौधरोपण के लिए राज्य सरकार को सौंप दी। पौधों के रोपण और उनकी देखभाल के लिए भी 50 लाख रुपये दिए गए थे। अब सुप्रीम कोर्ट ने पांच संस्थानों को अतिरिक्त 50 लाख रुपये दान देने का निर्देश दिया है। यह राशि जरूरतमंद लोगों के कल्याण के लिए इस्तेमाल की जाएगी। अदालत के इस आदेश को कारोबारी के खिलाफ चल रही अवमानना की कार्रवाई के संदर्भ में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।