
मथुरा: छाता शुगर मिल को दोबारा चालू कराने, किसानों के खिलाफ दर्ज मुकदमों को वापस लेने और जब्त सामान लौटाने की मांग को लेकर छाता क्षेत्र के किसानों ने बड़ा विरोध प्रदर्शन किया। विभिन्न किसान संगठनों से जुड़े किसान बड़ी संख्या में ट्रैक्टरों के साथ जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपने के लिए मथुरा की ओर रवाना हुए। पदम फौजी के नेतृत्व में छाता चीनी मिल से शुरू हुए ट्रैक्टर मार्च को पुलिस प्रशासन ने नरी-सेमरी के समीप भारी पुलिस बल तैनात कर रोक दिया। इसके बाद किसानों और प्रशासनिक अधिकारियों के बीच काफी देर तक तीखी नोकझोंक और गहमागहमी का माहौल बना रहा। जानकारी के अनुसार, छाता क्षेत्र के किसान लंबे समय से अपनी विभिन्न मांगों को लेकर आवाज उठा रहे हैं। इसी क्रम में किसानों ने ट्रैक्टर मार्च निकालकर जिलाधिकारी तक अपनी मांगें पहुंचाने का निर्णय लिया। दोपहर में बड़ी संख्या में किसान ट्रैक्टरों के साथ छाता चीनी मिल से रवाना हुए। हालांकि, नरी-सेमरी के पास पुलिस ने उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया। प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद किसान वहीं रुक गए और अपनी मांगों को लेकर अधिकारियों से बातचीत करने लगे। प्रदर्शनकारी किसानों की प्रमुख मांग छाता शुगर मिल को दोबारा चालू कराना है। इसके अलावा किसानों ने निर्दोष किसानों के खिलाफ दर्ज की गई एफआईआर रद्द करने और जब्त किए गए सामान को वापस लौटाने की मांग भी उठाई। किसानों का कहना था कि उनकी मांगों पर प्रशासन को स्पष्ट निर्णय लेना चाहिए। नरी-सेमरी में ट्रैक्टर मार्च रोके जाने के बाद किसान इस बात पर अड़ गए कि वे अपना ज्ञापन केवल जिलाधिकारी को ही सौंपेंगे। इस दौरान किसानों और प्रशासनिक अधिकारियों के बीच काफी देर तक बातचीत होती रही। कई बार दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस की स्थिति भी बनी। किसान अपनी मांगों को लेकर पीछे हटने को तैयार नहीं थे, जबकि प्रशासन उन्हें समझाकर प्रदर्शन समाप्त कराने का प्रयास कर रहा था। किसान नेता पदम फौजी ने अधिकारियों से बातचीत के दौरान स्पष्ट कहा कि यदि प्रशासन किसानों की मांगों को लेकर उन्हें संतुष्ट करेगा, तभी किसान छाता वापस लौटेंगे। उन्होंने किसानों की मांगों पर ठोस निर्णय लेने की आवश्यकता जताई। इस दौरान समाजवादी पार्टी के नेता लोकमणि कांत जादौन, कुंवर नरेंद्र सिंह, ठाकुर किशोर सिंह और करणी सेना के जिलाध्यक्ष भी प्रशासनिक अधिकारियों के साथ वार्ता में शामिल हुए। बातचीत के दौरान कई मुद्दों पर तीखी बहस देखने को मिली।
30 अक्टूबर को होगी अहम वार्ता
प्रदर्शन के दौरान सेमरी अंडरपास पर एक अलग दृश्य भी देखने को मिला। यहां किसानों और प्रशासनिक अधिकारियों के ऊपर पुष्पवर्षा की गई। एक ओर किसान अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे, वहीं दूसरी ओर अधिकारियों और किसानों पर फूल बरसाए जाने का दृश्य भी सामने आया। स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने मौके पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे। एडीएम प्रशासन अमरेश सिंह, एसडीएम छाता अखिलेश कुमार, तहसीलदार छाता नितिन, एसपी सिटी राजीव कुमार, एसपी देहात आलोक रंजन, सीओ छाता, सीओ गोवर्धन और कोतवाली प्रभारी उमेश चंद्र त्रिपाठी मौके पर मौजूद रहे। इसके अलावा कोसीकलां, शेरगढ़ और बरसाना के थाना प्रभारियों सहित भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। सेमरी अंडरपास पर काफी देर तक चली बातचीत के बाद एडीएम प्रशासन अमरेश सिंह ने किसानों से ज्ञापन प्राप्त किया। उन्होंने किसानों को समझाते हुए उनकी मांगों पर नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद प्रदर्शनकारियों और प्रशासन के बीच बनी तनातनी शांत हुई। एडीएम प्रशासन अमरेश सिंह ने बताया कि किसानों के साथ सौहार्दपूर्ण वातावरण में बातचीत हुई है। उन्होंने कहा कि सड़क पर किसी समस्या का अंतिम निर्णय नहीं लिया जा सकता। इस प्रकार के आंदोलन से आम जनता को असुविधा होती है और आम लोग भी इसी समाज का हिस्सा हैं। उन्होंने किसानों के रवैये की सराहना करते हुए कहा कि किसानों ने समझदारी का परिचय दिया है।
एडीएम ने बताया कि किसानों का ज्ञापन प्राप्त कर लिया गया है। उनकी मांगों को लेकर 30 अक्टूबर को जिलाधिकारी और पुलिस कप्तान की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की जाएगी। इस बैठक में किसानों की समस्याओं पर चर्चा कर नियमानुसार आवश्यक निर्णय और कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन की ओर से मिले आश्वासन के बाद किसानों ने अपना प्रदर्शन शांत कर दिया और ट्रैक्टरों के साथ वापस छाता चीनी मिल स्थित धरनास्थल पर लौट गए। हालांकि, किसानों ने स्पष्ट किया कि उनका आंदोलन अभी समाप्त नहीं हुआ है। यदि निर्धारित समय में उनकी मांगों पर संतोषजनक निर्णय नहीं लिया गया, तो वे आंदोलन को और तेज करें।