राधाकुंड अहोई अष्टमी मेले से पहले प्रशासन अलर्ट, एसपी देहात ने परखी व्यवस्थाएं, ई-रिक्शाओं पर सख्ती के निर्देश

राधाकुंड (गोवर्धन): विश्वविख्यात राधाकुंड में आयोजित होने वाले अहोई अष्टमी मेले में अब मात्र एक दिन शेष रह गया है। मेले को लेकर प्रशासनिक तैयारियां अंतिम चरण में हैं। इसी क्रम में मेले की पूर्व संध्या पर एसपी देहात आलोक राज नारायण, एसडीएम गोवर्धन और क्षेत्राधिकारी ने मेला क्षेत्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने सीसीटीवी मॉनिटरिंग रूम, संगम स्थल और परिक्रमा मार्ग सहित विभिन्न स्थानों का निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मेले की तैयारियों को लेकर प्रशासन की ओर से पहले भी कई बैठकें आयोजित की जा चुकी हैं। इसके बावजूद परिक्रमा मार्ग और संगम स्थल के आसपास ई-रिक्शाओं के संचालन पर प्रभावी नियंत्रण नहीं दिखाई दे रहा है। प्रशासन ने मेले से पहले ई-रिक्शाओं की आवाजाही को नियंत्रित करने की बात कही थी, लेकिन निरीक्षण के समय तक बड़ी संख्या में ई-रिक्शा मेला क्षेत्र में संचालित होते नजर आए। राधाकुंड के परिक्रमा मार्ग, संगम स्थल के आसपास और राधाकुंड अड्डे पर ई-रिक्शाओं की लगातार आवाजाही बनी हुई है। पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की मौजूदगी के बावजूद इनके अनियंत्रित संचालन पर ठोस कार्रवाई नहीं होने से यातायात व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, प्रशासन की ओर से मेले से संबंधित अन्य व्यवस्थाएं पूरी कर लिए जाने की बात कही गई है।

ई-रिक्शाओं पर रोक लगाने के निर्देश

निरीक्षण के दौरान एसपी देहात आलोक राज नारायण ने ई-रिक्शाओं के संचालन को लेकर स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि मेले के दौरान और उसकी पूर्व संध्या पर भीड़भाड़ वाले स्थानों पर ई-रिक्शाओं की आवाजाही प्रतिबंधित कर दी जाएगी। विशेष रूप से परिक्रमा मार्ग और संगम स्थल के आसपास अनावश्यक ई-रिक्शा संचालन पर रोक लगाई जाएगी, ताकि श्रद्धालुओं के आवागमन में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि विशेष परिस्थितियों में वृद्ध श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कुछ शर्तों के साथ ई-रिक्शा संचालन की अनुमति दी जा सकती है। हालांकि, निर्धारित नियमों का उल्लंघन करने और मेला व्यवस्था प्रभावित करने वाले ई-रिक्शा चालकों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद नगर पंचायत कार्यालय राधाकुंड में प्रशासनिक अधिकारियों और पंडा समाज के प्रतिनिधियों के साथ अंतिम बैठक आयोजित की गई। बैठक में मेले की व्यवस्थाओं और पूजा-अर्चना से जुड़े विषयों पर चर्चा की गई। अधिकारियों ने संबंधित लोगों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए व्यवस्थाओं का पालन सुनिश्चित करने को कहा।

बैठक के दौरान पंडा समाज की ओर से पूजा-अर्चना के समय को लेकर मांग रखी गई। इस पर प्रशासन ने रात नौ बजे तक पूजा-अर्चना कराने की अनुमति प्रदान कर दी। प्रशासन के इस निर्णय पर पंडा समाज के लोगों ने भी सहमति जताई। अहोई अष्टमी मेले से पहले प्रशासनिक निरीक्षण और अंतिम बैठक के बाद अब सबसे महत्वपूर्ण सवाल ई-रिक्शाओं के संचालन पर प्रभावी नियंत्रण का बना हुआ है। अधिकारियों ने प्रतिबंध लागू करने और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई का भरोसा दिया है। ऐसे में मेले के दौरान इन निर्देशों का धरातल पर कितना पालन होता है, यह देखना महत्वपूर्ण होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *