हमीरपुर में नाले में मिला 35 वर्षीय अज्ञात युवक का शव, पुलिस जांच में जुटी

हमीरपुर: मौदहा नगर के स्टेशन रोड स्थित शराब ठेके के सामने शनिवार को नाले में करीब 35 वर्षीय अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। शव मिलने की सूचना पर मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस पहुंची और युवक को नाले से निकलवाकर सरकारी अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सक ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। जानकारी के अनुसार, स्टेशन रोड पर शराब ठेके के सामने नाले में युवक को पड़ा देखकर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और युवक को नाले से बाहर निकलवाया। इसके बाद उसे सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।

युवक की पहचान कराने में जुटी पुलिस

मृतक की उम्र करीब 35 वर्ष बताई जा रही है। उसने मूंगिया रंग की चौखानेदार शर्ट और काली पैंट पहन रखी थी। शव मिलने के बाद आसपास के लोगों में युवक की पहचान को लेकर चर्चा होती रही, लेकिन उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी। युवक नाले में कैसे पहुंचा और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं है। मौत का कारण भी सामने नहीं आया है। पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के कारणों का पता चल सकेगा। कोतवाली प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि अज्ञात युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मृतक की पहचान कराने का प्रयास कर रही है। साथ ही मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *