
हमीरपुर: कस्बे के कोतवाली क्षेत्र के ग्राम मदारपुर में पेयजल की गुणवत्ता को लेकर गंभीर शिकायत सामने आई है। गांव के नलों से दुर्गंधयुक्त पानी आने और उसमें पक्षियों के पंख व मांस के लोथड़े मिलने से ग्रामीणों में चिंता फैल गई। समस्या से परेशान दर्जनों महिलाएं पानी की बोतल लेकर तहसील पहुंचीं और उपजिलाधिकारी को दूषित पानी दिखाकर शिकायत दर्ज कराई। हाशमी और मलका के नेतृत्व में तहसील पहुंची महिलाओं ने उपजिलाधिकारी को शिकायती पत्र सौंपा। उन्होंने बताया कि गांव के आधे हिस्से में नलों के माध्यम से पेयजल की आपूर्ति की जाती है। पिछले करीब एक पखवाड़े से नलों में आने वाले पानी से दुर्गंध आ रही थी। इसके बावजूद ग्रामीण इस पानी का इस्तेमाल पीने और रोजमर्रा के दूसरे कामों में कर रहे थे।
पानी में मिले पंख और मांस के टुकड़े
महिलाओं के अनुसार, सोमवार सुबह नलों से आने वाले पानी में अचानक पक्षियों के पंख और मांस के लोथड़े दिखाई दिए। इससे ग्रामीणों को आशंका हुई कि पानी की टंकी में पक्षियों के शव पड़े हो सकते हैं और इसी वजह से पानी दूषित हो रहा है। पानी की बोतल में नमूना लेकर पहुंची महिलाओं ने प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेने और जल्द समस्या का समाधान कराने की मांग की। महिलाओं ने दूषित पानी के इस्तेमाल से गांव में बीमारियां फैलने की आशंका भी जताई। उनका कहना है कि यदि समय रहते पेयजल व्यवस्था की जांच और सफाई नहीं कराई गई तो ग्रामीणों के स्वास्थ्य पर इसका बुरा असर पड़ सकता है।
शिकायत की गंभीरता को देखते हुए पानी की टंकी की जल्द सफाई कराने की बात कही जा रही है। ग्रामीणों की मांग है कि टंकी की सफाई के साथ पेयजल आपूर्ति की भी जांच कराई जाए, ताकि लोगों को स्वच्छ पानी मिल सके और दूषित पानी की समस्या दोबारा सामने न आए। इस दौरान नजमा, मुन्नी, नाजरा, मोमना, इदिया और राजो सहित दर्जनों महिलाएं मौजूद रहीं।