सरीला में डीएम-एसपी ने सुनीं जनसमस्याएं, 45 शिकायतों में पांच का मौके पर निस्तारण

हमीरपुर: तहसील सरीला में शनिवार को जिलाधिकारी अशोक कुमार की अध्यक्षता और पुलिस अधीक्षक मृगांक शेखर की उपस्थिति में जिला स्तरीय संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान क्षेत्र के विभिन्न गांवों और कस्बों से पहुंचे फरियादियों ने अपनी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं। समाधान दिवस में कुल 45 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से पांच शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों को निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से निस्तारित करने के निर्देश संबंधित विभागों के अधिकारियों को दिए गए। तहसील सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान राजस्व, बिजली, आवास और अन्य विभागों से जुड़ी समस्याएं प्रमुखता से उठाई गईं। सरीला निवासी देवपाल ने शिकायत दर्ज कराई कि उसका स्मार्ट मीटर काफी समय से खराब पड़ा है। मीटर बदलवाने के लिए वह कई बार उपखंड अधिकारी को लिखित प्रार्थना पत्र दे चुका है, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ। उसने अधिकारियों से खराब मीटर बदलवाने की मांग की। इसी तरह चंडौत निवासी सुखराम ने दबंगों पर खेत पर कब्जा करने का आरोप लगाते हुए शिकायत की। गोहांड निवासी रामसहोदर ने नगर पंचायत के अभिलेखों में अपना मकान दर्ज कराने की मांग रखी। वहीं सरीला के शुघरसिंह कुशवाहा ने प्रधानमंत्री आवास योजना की अंतिम किस्त दिलवाने के लिए अधिकारियों से गुहार लगाई।

दीपावली को लेकर डीएम-एसपी ने किया पैदल भ्रमण

ममना निवासी संतू ने चकमार्ग की मिट्टी काटे जाने की शिकायत की, जबकि चंडौत निवासी महेश कुमार ने चकमार्ग पर कब्जा कर रास्ता अवरुद्ध करने का मामला अधिकारियों के सामने उठाया। जिलाधिकारी ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। समाधान दिवस में प्राप्त 45 प्रार्थना पत्रों में से पांच का मौके पर निस्तारण किया गया। अन्य शिकायतों के संबंध में जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्धारित समयावधि में उनका समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही नहीं बरतने और फरियादियों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर नहीं लगवाने पर जोर दिया। संपूर्ण समाधान दिवस समाप्त होने के बाद जिलाधिकारी अशोक कुमार और पुलिस अधीक्षक मृगांक शेखर ने दीपावली त्योहार के मद्देनजर क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। दोनों अधिकारियों ने ममना बस स्टैंड से जीआईसी तक पैदल भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने शांति व्यवस्था और त्योहार के दौरान सुरक्षा संबंधी तैयारियों का निरीक्षण किया।

अधिकारियों ने क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने और त्योहार के दौरान सतर्कता बरतने पर जोर दिया। पैदल भ्रमण के माध्यम से उन्होंने सुरक्षा इंतजामों की स्थिति का जायजा लिया। इस मौके पर एसडीएम विकास कुमार यादव, क्षेत्राधिकारी शाहरुख खान, तहसीलदार रविंद्र पाल सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *