
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की 144वीं बोर्ड बैठक में श्रमिकों और छात्रों के लिए कई अहम फैसले लिए गए। बोर्ड ने अप्रवासी श्रमिकों के लिए ईडब्ल्यूएस आवास, ट्रांजिट लेबर हॉस्टल और छात्रों के लिए पब्लिक लाइब्रेरी बनाने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।प्राधिकरण के मुताबिक पतवाड़ी और बिरौंडी गांव में श्रमिकों के लिए ईडब्ल्यूएस फ्लैट बनाए जाएंगे। इसके लिए जमीन चिन्हित की जा चुकी है और सभी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद इसी साल के अंत तक निर्माण शुरू करने का लक्ष्य है।वहीं, रोजगार की तलाश में ग्रेटर नोएडा आने वाले अप्रवासी श्रमिकों के लिए ईकोटेक-06 और ईकोटेक-11 में ट्रांजिट लेबर हॉस्टल बनाए जाएंगे। दोनों स्थानों पर 3000-3000 वर्ग मीटर जमीन श्रम विभाग को निशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी।इसके अलावा सेक्टर अल्फा-1 में 1360 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में पब्लिक लाइब्रेरी बनाई जाएगी। तीन मंजिला लाइब्रेरी में बच्चों, छात्रों, युवाओं और वरिष्ठ नागरिकों के लिए किताबों की सुविधा होगी। छात्र न्यूनतम शुल्क देकर किताबें इश्यू करा सकेंगे।प्राधिकरण का कहना है कि इन परियोजनाओं से श्रमिकों को सुरक्षित और बेहतर आवास मिलने के साथ छात्रों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में भी सुविधा मिलेगी