
नोएडा: नोएडा में लंबे समय से लंबित नागरिक समस्याओं को लेकर नौएडा सिटीजन फोरम के प्रतिनिधिमंडल ने स्थानीय नागरिकों के साथ विधायक पंकज सिंह से मुलाकात की। इस दौरान नागरिकों ने शहर से जुड़ी कई अहम समस्याओं को विधायक के सामने रखा। प्रतिनिधिमंडल ने खास तौर पर रजिस्ट्री, यातायात व्यवस्था, सार्वजनिक परिवहन और पेयजल से जुड़ी परेशानियों पर चर्चा की। फोरम ने इन समस्याओं का जल्द समाधान कराने के लिए संबंधित विभागों के साथ प्रभावी स्तर पर कार्रवाई की मांग की। सेक्टर-121 स्थित होम्स-121 सोसाइटी के करीब 120 पात्र फ्लैट खरीदारों की वर्षों से लंबित प्रथम सब-लीज डीड यानी रजिस्ट्री का मामला बैठक में प्रमुखता से उठाया गया। फोरम ने बताया कि रजिस्ट्री नहीं होने की वजह से फ्लैट खरीदार लंबे समय से परेशानी का सामना कर रहे हैं। प्रतिनिधिमंडल ने विधायक पंकज सिंह से नोएडा प्राधिकरण और संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर इस मामले को जल्द सुलझाने की मांग की।
इसके अलावा नागरिकों ने शहर में सार्वजनिक परिवहन से जुड़ी समस्याओं और पेयजल संकट को लेकर भी अपनी बात रखी। फोरम का कहना है कि इन समस्याओं का असर आम नागरिकों की रोजमर्रा की जिंदगी पर पड़ रहा है। प्रतिनिधिमंडल ने विधायक के सामने इन सभी मुद्दों के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग रखी।
पर्थला चौक पर यू-टर्न की मांग
पर्थला चौक पर बदली गई यातायात व्यवस्था को लेकर भी नागरिकों ने अपनी परेशानी विधायक के सामने रखी। फोरम के मुताबिक गोलचक्कर बंद होने और ट्रैफिक डायवर्जन के बाद सेक्टर-121 और आसपास के निवासियों को पीक आवर्स में अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए लंबा रास्ता तय करना पड़ रहा है। इससे व्यस्त समय में यातायात का दबाव बढ़ने के साथ स्थानीय लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
फोरम ने पर्थला चौक पर सुरक्षित और व्यावहारिक यू-टर्न की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की। इसके साथ ही मौजूदा यातायात व्यवस्था की समीक्षा करने की भी अपील की गई। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि यातायात व्यवस्था तैयार करते समय आम लोगों की सुविधा के साथ-साथ एंबुलेंस और अन्य आपातकालीन सेवाओं के निर्बाध आवागमन का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए।