
उत्तर प्रदेश: उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में यमुना नदी में नहाने गए तीन मासूम बच्चों की डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। हादसा शुक्रवार को महेवाघाट थाना क्षेत्र के भटपुरवा गांव के पास महेवा घाट पर हुआ। नहाने के दौरान तीनों बच्चे अचानक गहरे पानी में चले गए और डूब गए। हादसे में जान गंवाने वाले बच्चों में दो सगे भाई भी शामिल हैं। मृतकों की पहचान 13 वर्षीय बिजेंद्र निषाद पुत्र सोनू निषाद, 12 वर्षीय करण निषाद पुत्र राजेश निषाद और 10 वर्षीय शनि निषाद पुत्र राजेश निषाद के रूप में हुई है। करण और शनि सगे भाई थे। बताया जा रहा है कि शुक्रवार को तीनों बच्चे यमुना नदी में नहाने के लिए गए थे। इसी दौरान वे गहरे पानी में पहुंच गए और डूबने लगे।
बच्चों को डूबता देखकर आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया। इसके बाद पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। सूचना मिलते ही महेवाघाट पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से नदी में सर्च ऑपरेशन शुरू कराया गया।
तीनों शव बरामद
स्थानीय गोताखोरों ने काफी मशक्कत के बाद तीनों बच्चों के शव नदी से बरामद कर लिए। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। हादसे की जानकारी मिलने के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। एक साथ तीन मासूम बच्चों की मौत से भटपुरवा गांव और आसपास के इलाके में भी शोक की लहर है। हादसे के बाद परिवार और ग्रामीणों में मातम का माहौल बना हुआ है।