
नोएडा: नोएडा के सेक्टर-26 स्थित विधायक कार्यालय में नोवरा के एक प्रतिनिधिमंडल ने विधायक पंकज सिंह से मुलाकात की। यह मुलाकात नोवरा अध्यक्ष डॉ. रंजन तोमर के नेतृत्व में आयोजित की गई। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने इंडस्ट्रियल टाउनशिप में काम करने वाले श्रमिकों, कामगारों, गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन करने वाले लोगों और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के लिए सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराने की मांग रखी। बैठक में नोएडा के गांवों और ग्रामीण क्षेत्रों से जुड़ी समस्याओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि औद्योगिक क्षेत्रों के विकास के साथ वहां काम करने वाले श्रमिकों और कामगारों की आवासीय जरूरतों का ध्यान रखना भी जरूरी है। यदि श्रमिकों के लिए समय रहते आवास की व्यवस्था नहीं की जाती है तो इसका सीधा दबाव आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों पर पड़ता है। नोवरा अध्यक्ष डॉ. रंजन तोमर ने कहा कि नोएडा के अनुभव से सीख लेते हुए भविष्य में विकसित होने वाले शहरों में ऐसी स्थिति नहीं बनने दी जानी चाहिए, जहां उद्योग तो स्थापित हो जाएं, लेकिन उनमें काम करने वाले श्रमिकों के रहने के लिए उचित व्यवस्था न हो। उन्होंने कहा कि श्रमिकों के आवास की समस्या केवल रहने की जगह तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका असर गांवों की व्यवस्था, यातायात और पर्यावरण पर भी पड़ता है।
अनियोजित बस्तियों और प्रदूषण की समस्या पर चिंता
डॉ. रंजन तोमर ने बताया कि जब औद्योगिक क्षेत्रों में काम करने वाले श्रमिकों के लिए पर्याप्त और सम्मानजनक आवास उपलब्ध नहीं होता, तो वे आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में रहने के लिए मजबूर होते हैं। इससे ग्रामीण इलाकों पर अनावश्यक दबाव बढ़ता है। इसके साथ ही अनियोजित बस्तियों का विस्तार, यातायात की समस्या और प्रदूषण जैसी चुनौतियां भी सामने आती हैं। उन्होंने कहा कि शहरों और औद्योगिक क्षेत्रों की योजना बनाते समय श्रमिकों, कामगारों और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों की जरूरतों को भी प्राथमिकता दी जानी चाहिए। उद्योगों के विकास का लाभ केवल औद्योगिक इकाइयों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि उन लोगों तक भी पहुंचना चाहिए, जिनके श्रम से उद्योग और शहर आगे बढ़ते हैं। प्रतिनिधिमंडल ने विधायक पंकज सिंह के सामने मांग रखी कि श्रमिकों और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के लिए ऐसी आवासीय नीति बनाई जाए, जिससे उन्हें सुरक्षित, सम्मानजनक और व्यवस्थित तरीके से रहने की सुविधा मिल सके। इससे ग्रामीण क्षेत्रों पर बढ़ते दबाव को कम करने में भी मदद मिलेगी।
विधानसभा में मुद्दा उठाने का आश्वासन
मुलाकात के दौरान विधायक पंकज सिंह ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि वह इस विषय को उत्तर प्रदेश विधानसभा में उठाएंगे। उन्होंने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर श्रमिकों और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के आवास से जुड़ी समस्या को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के समक्ष भी रखा जाएगा। विधायक ने कहा कि औद्योगिक विकास का लाभ श्रमिकों तक भी पहुंचना चाहिए। जिन श्रमिकों के परिश्रम से उद्योग और शहर चलते हैं, उनके लिए सम्मानजनक आवास सुनिश्चित करना जिम्मेदारी है। उन्होंने इस विषय पर ठोस नीति बनाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। नोवरा प्रतिनिधिमंडल ने विधायक के आश्वासन का स्वागत किया। संगठन का कहना है कि श्रमिकों और कमजोर वर्गों के लिए आवास की व्यवस्था होने से न केवल उनके जीवन स्तर में सुधार आएगा, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में अनियोजित बस्तियों, यातायात और प्रदूषण जैसी समस्याओं को भी कम किया जा सकेगा।