
नोएडा: शहर में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ यातायात पुलिस का विशेष अभियान लगातार जारी है। अभियान के दौरान पुलिस ने कुल 5184 वाहनों के चालान काटे, जबकि 17 वाहनों को सीज किया गया। यातायात पुलिस की कार्रवाई में मैनुअल और ऑनलाइन दोनों माध्यमों से चालान किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, अभियान के दौरान 2188 वाहनों के मैनुअल चालान काटे गए। वहीं, ऑनलाइन माध्यम से 2996 वाहनों के चालान किए गए। इस दौरान सबसे अधिक कार्रवाई बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वालों के खिलाफ की गई। बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले 2067 लोगों के चालान काटे गए। यातायात पुलिस की ओर से वाहन चालकों को लगातार नियमों का पालन करने की अपील की जा रही है। इसके बावजूद कई वाहन चालक बिना हेलमेट, गलत दिशा में वाहन चलाने और अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करते पाए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि सड़क सुरक्षा के लिए नियमों का पालन करना बेहद जरूरी है।
अलग-अलग नियम तोड़ने पर हुई कार्रवाई
अभियान के दौरान विपरीत दिशा में वाहन चलाने वाले 266 लोगों के चालान काटे गए। इसके अलावा नो पार्किंग में वाहन खड़ा करने पर 711 चालान किए गए। फॉल्टी नंबर प्लेट के मामले में 244, ओवर स्पीड के 426 और ब्लैक फिल्म के 21 चालान काटे गए। यातायात पुलिस ने मोडिफाई साइलेंसर का इस्तेमाल करने वाले 15 वाहनों के खिलाफ भी कार्रवाई की। पुलिस की इस कार्रवाई का उद्देश्य सड़क पर यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाना और वाहन चालकों को नियमों के प्रति जागरूक करना है। अभियान के दौरान ग्रेटर नोएडा स्थित नॉलेज पार्क-2 में भी यातायात पुलिस ने लोगों को यातायात नियमों की जानकारी दी। यहां नकली हेलमेट और यातायात संकेतों के बारे में लोगों को जागरूक किया गया। इसके साथ ही सुरक्षित वाहन चलाने और सड़क पर नियमों का पालन करने को लेकर भी विस्तार से जानकारी दी गई।
बार-बार चालान होने वालों का रिकॉर्ड परिवहन विभाग को भेजा जाएगा
डीसीपी ट्रैफिक अभय कुमार मिश्रा ने बताया कि सड़कों पर सबसे ज्यादा मनमानी बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वालों और गलत दिशा में वाहन दौड़ाने वालों की ओर से की जा रही है। उन्होंने कहा कि कई वाहन चालक चालान जमा करने के बजाय राष्ट्रीय लोक अदालत का इंतजार करते हैं, ताकि उन्हें कम जुर्माना देना पड़े।हालांकि, अब यातायात पुलिस ने अपनी रणनीति में बदलाव किया है। जिन वाहन चालकों के नाम पर बार-बार चालान हो रहे हैं, उनके नाम और रिकॉर्ड परिवहन विभाग को भेजे जा रहे हैं। इसके आधार पर उनके ड्राइविंग लाइसेंस स्थायी रूप से रद्द करने की कार्रवाई की जा सकेगी। यातायात पुलिस का कहना है कि लगातार नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्ती जारी रहेगी। पुलिस की कार्रवाई का मकसद केवल चालान काटना नहीं, बल्कि वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने के लिए मजबूर करना भी है। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे हेलमेट पहनकर वाहन चलाएं, निर्धारित दिशा में ही वाहन चलाएं और सड़क पर यातायात संकेतों का पालन करें।