ग्रेटर नोएडा में नशे के खिलाफ बड़ा एक्शन, 972 किलो से ज्यादा नशीले पदार्थों का विनष्टीकरण

ग्रेटर नोएडा: ग्रेटर नोएडा में कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर पुलिस ने नशे के खिलाफ चल रही कार्रवाई के तहत बड़ी कार्रवाई की है। “ऑपरेशन दहन” के तहत NDPS एक्ट के मामलों में बरामद करीब 972.283 किलोग्राम नशीले पदार्थों का विधिवत विनष्टीकरण कराया गया। पुलिस के अनुसार, नष्ट की गई यह सामग्री कमिश्नरेट के 6 थानों में दर्ज 253 अभियोगों से संबंधित थी। पुलिस के मुताबिक, जब्त किए गए इन मादक पदार्थों की अनुमानित कीमत ₹5.23 करोड़ से अधिक थी। नियमानुसार कार्रवाई करते हुए इतनी बड़ी मात्रा में बरामद नशीले पदार्थों को अधिकृत एजेंसी के माध्यम से नष्ट कराया गया। विनष्टीकरण की गई सामग्री में सबसे बड़ी मात्रा गांजे की थी। पुलिस के अनुसार, करीब 907.622 किलोग्राम गांजा नष्ट कराया गया। इसके अलावा 63.75 किलोग्राम डोडा, 552 ग्राम चरस, 115 ग्राम कोकीन, 4 ग्राम MDMA और 240 नशीली टैबलेट भी विनष्ट की गईं।

न्यायालय के आदेश पर हुई कार्रवाई

पुलिस के अनुसार, यह पूरी कार्रवाई पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में कराई गई। NDPS एक्ट से जुड़े मामलों में बरामद सामग्री के विधिक निस्तारण के लिए न्यायालय के आदेशों का अनुपालन किया गया। पुलिस ने बताया कि अधिकृत एजेंसी के माध्यम से नियमानुसार नशीले पदार्थों को नष्ट कराया गया। कार्रवाई का उद्देश्य NDPS मामलों में जब्त सामग्री का सुरक्षित और विधिक तरीके से निस्तारण करना था। ग्रेटर नोएडा पुलिस के मुताबिक, नशे के खिलाफ चल रही मुहिम के तहत जब्त मादक पदार्थों के निस्तारण की यह कार्रवाई महत्वपूर्ण है। 253 अभियोगों से संबंधित करीब 972 किलोग्राम से अधिक नशीले पदार्थों को नष्ट किए जाने के साथ पुलिस ने स्पष्ट किया कि NDPS मामलों में बरामद सामग्री को नियमानुसार सुरक्षित तरीके से निस्तारित किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *