विश्वकर्मा जयंती पर गूंजे जयकारे, प्रतिष्ठानों में हुई विधि-विधान से पूजा

हमीरपुर: विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर जिले में विभिन्न स्थानों पर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। रिजर्व पुलिस लाइन्स स्थित शस्त्रागार में एएसपी अरविन्द कुमार वर्मा ने शस्त्रों एवं अन्य उपकरणों का विधिवत पूजन किया। कार्यक्रम के दौरान शस्त्रागार की साफ-सफाई, रख-रखाव और शस्त्रों की सुरक्षित स्थिति का भी अवलोकन किया गया। शहर के लक्ष्मीबाई तिराहा के समीप रघुनन्दन सिंह आईटीआई में भी भगवान विश्वकर्मा की जयंती धूमधाम से मनाई गई। संस्थान की प्रबंधिका प्रियंका सिंह ने भगवान विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना के साथ हवन-यज्ञ किया। इस दौरान संस्थान में मौजूद मशीनों और उपकरणों का भी विधि-विधान से पूजन किया गया।

आईटीआई में मशीनों और उपकरणों की हुई पूजा

फिटर व्यवसाय के अनुदेशक अर्पण सचान, अमित कुमार, अनिल विश्वकर्मा आदि ने लेथ मशीन, वेल्डिंग मशीन, पिलर ड्रिल मशीन, मर्फल फर्नेश, फ्रेंच वाइस तथा छोटे उपकरणों की पूजा की। वहीं इलेक्ट्रीशियन व्यवसाय के अनुदेशक पंकज सिंह, रंजीत, प्रवेश आदि ने मोटर, थाइरिस्टर, एसी मशीन, मोटर जनरेटर सेट, डीसी मशीन, डीसी शंट मोटर और छोटे टूल्स समेत अन्य उपकरणों का पूजन किया। संस्थान की छात्रा मानवी और छात्रों सुमित व दीपक ने सभी को प्रसाद वितरित किया। संस्थान के प्रधानाचार्य द्रवेश कुमार ने बताया कि नए प्रवेश लेने के इच्छुक छात्र एक-दो दिवस में संस्थान आकर अपना पंजीकरण करवा लें, ताकि कोई भी इच्छुक छात्र प्रवेश से वंचित न रह सके।

वहीं सुमेरपुर कस्बे की उद्योग नगरी में भी विश्वकर्मा जयंती पर विभिन्न औद्योगिक प्रतिष्ठानों में पूजा-अर्चना की गई। जेके सीमेंट के यूनिट हेड पंकज त्रिवेदी ने हवन-पूजन किया। इसके बाद भंडारे का आयोजन किया गया और फैक्ट्री कर्मियों को प्रसाद वितरित किया गया। बीम प्राइवेट लिमिटेड में यूनिट हेड एलबी सिंह ने पूजन किया। इस दौरान राधेश्याम तिवारी आदि मौजूद रहे। रिमझिम इस्पात में कंपनी के डायरेक्टर संजीव अग्रवाल ने पूजन किया। वहीं एचयूएल में भरत चौधरी ने पूजन कर प्रसाद वितरित किया। विभिन्न स्थानों पर विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर श्रद्धा के साथ पूजा-अर्चना की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *