11 अक्टूबर से शुरू होगी लालकिले की रामलीला, मनोज तिवारी निभाएंगे केवट का किरदार

दिल्ली: दिल्ली के लालकिला मैदान में होने वाली विश्व प्रसिद्ध लव कुश रामलीला में इस साल अभिनेता, गायक और सांसद मनोज तिवारी केवट की भूमिका निभाते नजर आएंगे। रामलीला कमेटी के अध्यक्ष अर्जुन कुमार के मुताबिक, मनोज तिवारी प्रभु श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण को अपनी मधुर आवाज में गीत गाते हुए नाव से नदी पार कराते दिखाई देंगे। इस खास दृश्य को भव्य बनाने के लिए आधुनिक तकनीक और डिजिटल इफेक्ट्स का इस्तेमाल किया जाएगा। मनोज तिवारी पिछले कई वर्षों से रामलीला के मंच पर अलग-अलग किरदार निभाते आ रहे हैं। इससे पहले वह परशुराम और अंगद जैसे पात्रों की भूमिका में नजर आ चुके हैं। इस बार कमेटी के आग्रह पर वह केवट का किरदार निभाएंगे। मनोज तिवारी ने रामलीला में भूमिका निभाने का अवसर मिलने पर कमेटी के पदाधिकारियों का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि वह अपने किरदार को जीवंत बनाने के लिए पूरी लगन और समर्पण के साथ प्रयास करेंगे। उन्होंने यह भी बताया कि वह बचपन से ही अपने गांव की रामलीला से जुड़े रहे हैं और आज भी इस परंपरा को आगे बढ़ा रहे हैं।

AI और डिजिटल तकनीक से होगा भव्य मंचन

इस बार रामलीला में केवट प्रसंग को खास अंदाज में प्रस्तुत करने की तैयारी की गई है। कमेटी के मुताबिक, इस दृश्य को अधिक प्रभावशाली बनाने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), कंप्यूटर ग्राफिक्स, एनीमेशन, डिजिटल तकनीक, हाईटेक प्रोजेक्शन और विजुअल इफेक्ट्स का इस्तेमाल किया जाएगा। इसके साथ ही 8-ट्रैक डिजिटल साउंड सिस्टम भी लगाया जाएगा, ताकि मंचन को दर्शकों के लिए और आकर्षक बनाया जा सके।

रामलीला के दौरान धार्मिक परंपराओं के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने की भी योजना है। कमेटी के अध्यक्ष अर्जुन कुमार ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘एक पौधा मां के नाम’ अभियान के तहत इस बार निमंत्रण पत्रों पर ‘घर-घर राम, घर-घर तुलसी’ का संदेश प्रकाशित किया गया है। इसके अलावा नई पीढ़ी, खासकर जेनरेशन Z को भारतीय संस्कृति से जोड़ने के उद्देश्य से युवाओं को 5100 तुलसी के पौधे वितरित किए जाएंगे। दशहरा पर्व के अवसर पर एक लाख दीपों से भगवान श्रीराम की आकृति भी बनाई जाएगी। कमेटी के महासचिव सुभाष गोयल ने बताया कि इस साल लव कुश रामलीला का मंचन 11 से 21 अक्टूबर 2026 तक किया जाएगा, जबकि दशहरा पर्व 20 अक्टूबर को मनाया जाएगा। इससे पहले 9 अक्टूबर को लीला स्थल पर दिल्ली-एनसीआर के स्कूली छात्र-छात्राएं संपूर्ण रामायण की प्रस्तुति देंगे। यह कार्यक्रम लव कुश रामलीला कमेटी और अंतरराष्ट्रीय रामलीला महोत्सव एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित होगा।

कमेटी के चेयरमैन पवन गुप्ता और वरिष्ठ उपाध्यक्ष सत्यभूषण जैन के अनुसार, 11 अक्टूबर को वृंदावन, मथुरा और दिल्ली के विद्वान पंडित मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ गणेश पूजन करेंगे। इसके बाद लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के कर-कमलों से पूजन संपन्न होने के बाद रामलीला का शुभारंभ होगा। आयोजन का समापन 21 अक्टूबर को भरत मिलाप और प्रभु श्रीराम के राज्याभिषेक के साथ किया जाएगा। रामलीला से जुड़ी जानकारी साझा करने के लिए आयोजित प्रेस वार्ता में कमेटी के कई पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे। इनमें सतीश लोहिया, सौरव गुप्ता, अखिल सिंघल, गौरव गुप्ता, गौरव सूरी, संदीप भूटानी, प्रवीण गोयल, मानसी अरोड़ा, देवेंद्र नागर, प्रवीण सिंघल, वीरू सिंधी, अतुल गुप्ता, राजेश वर्मा, अजय बंसल, लोकेश बंसल, राजकुमार कश्यप, नरेंद्र कुमार और अशोक कटारिया सहित अन्य लोग शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *