सरीला में समाधान दिवस में पहुंचे 31 फरियादी, मौके पर 5 शिकायतों का निस्तारण

उत्तर प्रदेश: तहसील सभागार में शनिवार को सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे) विजय सिंह और अपर पुलिस अधीक्षक अरविंद कुमार वर्मा की अध्यक्षता में आयोजित समाधान दिवस में क्षेत्र से आए फरियादियों ने अपनी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं। कुल 31 शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें पांच शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया। शेष शिकायतों को एक सप्ताह के भीतर निस्तारित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए। समाधान दिवस में राजस्व, पुलिस, विद्युत, आवास और कब्जे से संबंधित शिकायतें लेकर फरियादी पहुंचे। अधिकारियों ने एक-एक कर फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को शिकायतों के निस्तारण के निर्देश दिए।

पवई गांव निवासी मुन्नालाल ने खलिहान के लिए सुरक्षित भूमि पर कब्जा कर पक्का निर्माण किए जाने की शिकायत की। उन्होंने अधिकारियों से मामले में कार्रवाई कर सुरक्षित भूमि को कब्जामुक्त कराने की मांग की। वहीं करही गांव निवासी विनोद कुमार ने मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना का लाभ दिलाए जाने के संबंध में प्रार्थना पत्र दिया। इस्लामपुर गांव निवासी अमित कुमार ने गांव में अवैध कब्जे को हटवाने की शिकायत अधिकारियों के समक्ष रखी। उन्होंने अवैध कब्जे के संबंध में कार्रवाई कर समस्या का समाधान कराने की मांग की। इसी तरह चुरहा गांव निवासी अखिलेश कुमार ने मुख्य लाइन रंहक से चुरहा तक बिजली के तारों को टाइट करवाए जाने की मांग को लेकर प्रार्थना पत्र दिया।

अधिकारियों को समयसीमा में निस्तारण के निर्देश

सम्पूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों में से पांच मामलों का मौके पर निस्तारण किया गया। शेष प्रार्थना पत्रों को संबंधित विभागों को सौंपते हुए अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर उनका निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों से कहा गया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी तरह की लापरवाही न बरती जाए और फरियादियों की समस्याओं का नियमानुसार समाधान किया जाए। इस दौरान एसडीएम विकास कुमार यादव, तहसीलदार रविन्द्र पाल सिंह, नायब तहसीलदार अखिलेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने समाधान दिवस में आए प्रार्थना पत्रों पर आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को निर्देशित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *