फिरोजाबाद में बसों की जांच, फायर सिलेंडर नहीं मिला तो डबल डेकर बस सीज

फिरोजाबाद: फिरोजाबाद में यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए टूंडला टोल प्लाजा पर पुलिस, परिवहन विभाग और फायर विभाग की संयुक्त टीम ने डबल डेकर और स्लीपर बसों के खिलाफ जांच अभियान चलाया। इस दौरान अधिकारियों ने बसों में मौजूद सुरक्षा इंतजामों की बारीकी से जांच की और जरूरी मानकों को परखा। अभियान के दौरान करीब चार से पांच बसों की जांच की गई। अधिकारियों ने बसों में फायर सेफ्टी उपकरण, इमरजेंसी एग्जिट समेत यात्रियों की सुरक्षा से जुड़े अन्य जरूरी इंतजामों को देखा। जांच के दौरान एक डबल डेकर बस में फायर सिलेंडर नहीं मिला। सुरक्षा मानकों में गंभीर कमी पाए जाने पर अधिकारियों ने बस को तत्काल सीज कर दिया।

सुरक्षा मानकों में कमी पर कार्रवाई

जांच के दौरान अन्य बसों में भी सुरक्षा मानकों से जुड़ी कमियां सामने आईं। इन कमियों को लेकर अधिकारियों ने संबंधित बसों के चालान किए। अभियान के दौरान अधिकारियों ने बस संचालकों को यात्रियों की सुरक्षा से जुड़े नियमों का पालन करने के निर्देश भी दिए। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी गौरी शंकर ठाकुर ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा के साथ किसी भी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन कवच के तहत स्लीपर और डबल डेकर बसों की जांच लगातार जारी रहेगी। नियमों का उल्लंघन मिलने पर संबंधित बसों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों की इस कार्रवाई से बस संचालकों में हड़कंप की स्थिति रही। परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले वाहनों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *