कुरारा के शिवनी गांव में छह महीने से पाइपलाइन लीकेज, सड़क पर बह रहा पानी

कुरारा: सरकार की हर घर शुद्ध पेयजल पहुंचाने की योजना के तहत गांवों में पाइपलाइन बिछाकर लोगों को साफ पानी उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन पाइपलाइन में लगातार हो रहे लीकेज इस योजना के उद्देश्य पर सवाल खड़े कर रहे हैं। विकासखंड कुरारा के शिवनी गांव में एक गेस्ट हाउस के पास मुख्य सड़क किनारे पेयजल पाइपलाइन पिछले छह महीने से अधिक समय से लीकेज है। इससे सड़क पर लगातार पानी भर रहा है और ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि पाइपलाइन में लीकेज के कारण घरों तक दूषित पानी पहुंच रहा है। गांव में मुख्य सड़क के किनारे स्थित पाइपलाइन से पानी निकलकर सड़क पर फैल रहा है। सुबह के समय स्थिति और खराब हो जाती है। सड़क पर पानी जमा होने के कारण राहगीरों और दोपहिया वाहन चालकों को निकलने में दिक्कत होती है। ग्रामीणों का कहना है कि समस्या लंबे समय से बनी हुई है, लेकिन संबंधित विभाग की ओर से अब तक स्थायी समाधान नहीं किया गया है।

स्कूल जाने वाले बच्चों को भी हो रही परेशानी

ग्रामीण उमेश कुमार, राजेंद्र, नरेंद्र, संतोष और महेंद्र सहित अन्य लोगों ने बताया कि गांव में कई स्थानों पर पाइपलाइन में लीकेज की समस्या है। हालांकि, अन्य जगहों पर किसी तरह काम चल रहा है, लेकिन गेस्ट हाउस के पास मुख्य सड़क किनारे हुई लीकेज से सबसे अधिक परेशानी हो रही है। ग्रामीणों के अनुसार, सुबह के समय पाइपलाइन से निकलने वाला पानी सड़क पर काफी मात्रा में भर जाता है। ऐसे में लोगों को गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ता है। सबसे ज्यादा दिक्कत स्कूल जाने वाले छात्र-छात्राओं को होती है। बच्चों को सड़क पर जमा पानी से बचने के लिए साइकिल से उतरना पड़ता है। इससे उनकी वर्दी और जूते गंदे होने का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों ने बताया कि पाइपलाइन की लीकेज ठीक कराने के लिए कई बार संबंधित विभाग में लिखित और ऑनलाइन शिकायत की जा चुकी है, लेकिन इसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ। उनका कहना है कि लगातार पानी बहने से सड़क पर जलभराव की स्थिति बनी रहती है और लोगों को रोजाना परेशानी उठानी पड़ती है।

एक ओर सरकार की ओर से हर घर तक शुद्ध पेयजल पहुंचाने पर जोर दिया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर पाइपलाइन की मरम्मत नहीं होने से ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने विभागीय अधिकारियों से जल्द लीकेज ठीक कराने और पेयजल आपूर्ति को दुरुस्त करने की मांग की है। इस संबंध में नमामि गंगे योजना के जेई संकू कुमार ने बताया कि पाइपलाइन लीकेज होने की जानकारी मिली है। जल्द ही इसकी मरम्मत कराकर समस्या का समाधान कराया जाएगा। अब ग्रामीणों को विभाग की ओर से मरम्मत कार्य शुरू होने का इंतजार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *