
WION: राजधानी में आयोजित WION आइकॉनिक टूरिज्म समिट एंड अवार्ड्स 2026 में केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने भारत के विकास, पर्यटन और सांस्कृतिक विरासत से जुड़े विषयों पर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि भारत 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। इस दौरान उन्होंने देश की आर्थिक वृद्धि और बदलते वैश्विक माहौल के बीच भारत की स्थिति का भी जिक्र किया। शेखावत ने कहा कि भारत की पहली तिमाही की आर्थिक वृद्धि दर ने वैश्विक स्तर पर ध्यान आकर्षित किया है। उन्होंने मौजूदा भू-राजनीतिक परिस्थितियों का उल्लेख करते हुए कहा कि दुनिया में तेजी से बदलाव हो रहे हैं और ऐसे दौर में भारत अपनी क्षमता के साथ आगे बढ़ रहा है। अपने संबोधन में केंद्रीय मंत्री ने भारत की पुरानी सांस्कृतिक परंपराओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने वेदों का जिक्र करते हुए भारतीय विचार परंपरा में निरंतर आगे बढ़ने और नए ज्ञान की तलाश की भावना की बात कही। इसी संदर्भ में उन्होंने ‘चरैवेति, चरैवेति’ का उल्लेख किया और कहा कि भारतीय ऋषियों ने लगातार आगे बढ़ने तथा नए अवसरों की खोज का संदेश दिया था।
पर्यटन के साथ रोजगार और पर्यावरण पर भी जोर
गजेंद्र शेखावत ने देश में धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों के विकास की चर्चा करते हुए आध्यात्मिक और सांस्कृतिक पर्यटन को बढ़ावा देने की बात कही। उन्होंने कहा कि ऐसे स्थलों के पुनर्विकास से पर्यटन को गति मिलने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी पैदा हो रहे हैं। केंद्रीय मंत्री ने पर्यटन के विस्तार के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने इको-टूरिज्म को बढ़ावा देने की बात कही और पर्यटन गतिविधियों के विकास के दौरान पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने पर जोर दिया। नई दिल्ली में हो रहे इस सम्मेलन में पर्यटन, विमानन, आतिथ्य और प्रौद्योगिकी से जुड़े क्षेत्रों के प्रतिनिधि हिस्सा ले रहे हैं। समिट के दौरान वीजा और यात्रा सुविधाओं, पर्यटक बुनियादी ढांचे, सांस्कृतिक कूटनीति और ट्रैवल टेक्नोलॉजी जैसे विषयों पर चर्चा हो रही है। सम्मेलन में वीजा नीति और सीमा प्रबंधन के साथ बायोमेट्रिक यात्रा तथा डिजिटल बदलाव जैसे विषय भी चर्चा का हिस्सा हैं। यात्रियों के अनुभव को बेहतर बनाने में कृत्रिम बुद्धिमत्ता की भूमिका पर भी विचार-विमर्श किया जा रहा है।
WION के इस आयोजन में करीब 20 देशों के राजनयिक शामिल हो रहे हैं। अर्जेंटीना, ग्रीस, सूरीनाम, आयरलैंड, स्लोवाकिया, साइप्रस, दक्षिण अफ्रीका, श्रीलंका और सेशेल्स समेत कई देशों के प्रतिनिधि कार्यक्रम में हिस्सा ले रहे हैं। पर्यटन, विमानन और आतिथ्य क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधियों की भी इसमें भागीदारी है। कार्यक्रम का समापन आइकॉनिक अवॉर्ड्स 2026 के साथ होगा। इसमें यात्रा और पर्यटन क्षेत्र में योगदान देने वाले लोगों और संगठनों को सम्मानित किया जाएगा। यह आयोजन WION वर्ल्ड कॉन्फ्रेंसेज श्रृंखला के तहत नई दिल्ली के आईटीसी मौर्या में आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम को वीएफएस ग्लोबल की ओर से प्रस्तुत किया जा रहा है, जबकि इसके आयोजन में रेड हैट कम्युनिकेशंस का सहयोग है।