
मेघालय: पूर्वोत्तर से भारतीय जनता पार्टी के लिए बड़ी सियासी खबर सामने आई है। मेघालय में क्षेत्रीय दल यूनाइटेड डेमोक्रेटिक पार्टी (UDP) के 8 विधायक बीजेपी में शामिल हो गए हैं। केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू और बीजेपी प्रवक्ता संबित पात्रा ने सभी विधायकों का पार्टी में स्वागत किया। बीजेपी में शामिल होने वाले विधायकों को लेकर केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि UDP के 8 विधायक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूर्वोत्तर और मेघालय में हुए विकास और बदलाव से प्रभावित हैं। उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में पूर्वोत्तर को लेकर केंद्र सरकार की नीतियों और बीजेपी की विकास की राजनीति ने क्षेत्र में नई तस्वीर पेश की है। रिजिजू के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पूर्वोत्तर के लोगों से जुड़ाव भी इन विधायकों के बीजेपी में शामिल होने की एक बड़ी वजह है। उनके अनुसार, विधायकों ने प्रधानमंत्री के नेतृत्व में क्षेत्र में हुए विकास और बदलाव को देखते हुए बीजेपी के साथ आने का फैसला किया है।
तीन बार विधायक रह चुके हैं लखमेन रिम्बुई
बीजेपी प्रवक्ता संबित पात्रा ने बताया कि तीन बार विधायक रह चुके लखमेन रिम्बुई भी बीजेपी में शामिल हुए हैं। रिम्बुई 2008, 2018 और 2023 में विधायक चुने गए थे। 2018 से 2023 के बीच उन्होंने शिक्षा, वन एवं पर्यावरण और गृह एवं पुलिस जैसे विभागों की जिम्मेदारी संभाली। वर्ष 2025 से रिम्बुई शिक्षा, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन और कानून मंत्री के तौर पर काम कर रहे हैं। इसके अलावा पायस मारवेन और किर्मेन श्यल्ला के भी बीजेपी में शामिल होने की जानकारी दी गई है। संबित पात्रा के मुताबिक, पायस मारवेन 2018 और 2023 में दो बार विधायक चुने गए और फिलहाल मेघालय सरकार कंस्ट्रक्शन कॉर्पोरेशन के चेयरमैन हैं। वहीं किर्मेन श्यल्ला भी दो बार विधायक रहे हैं। उन्होंने 2023 से 2025 तक राजस्व और आपदा प्रबंधन मंत्री के तौर पर जिम्मेदारी संभाली।
बताया गया है कि मेघालय में UDP के 8 विधायकों की मांगों को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने माना है। इसके बाद इन विधायकों ने बीजेपी में शामिल होने का फैसला किया है। UDP के 8 विधायकों के बीजेपी में शामिल होने के बाद मेघालय की राजनीति में सियासी समीकरण बदलने की चर्चा है।