
सरीला (हमीरपुर): थाना जलालपुर क्षेत्र के भेड़ी डांडा गांव में शुक्रवार रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां कच्चे मकान की छत अचानक भरभराकर गिर गई। छत के मलबे में दबने से घर में सो रही 65 वर्षीय वृद्धा संध्या सिंह की मौत हो गई। हादसे के समय वृद्धा घर में अकेली थीं, जिसके कारण परिजनों को घटना की जानकारी शनिवार सुबह हो सकी। बताया गया कि भेड़ी डांडा गांव निवासी संध्या सिंह पत्नी कमल सिंह रोज की तरह शुक्रवार रात करीब 10 बजे खाना खाने के बाद अपने घर में सोने चली गई थीं। रात के दौरान अचानक कच्चे मकान की छत भरभराकर उनके ऊपर गिर गई। छत के मलबे में दबने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। सुबह जब परिजन घर पहुंचे तो उन्हें घटना की जानकारी हुई। हादसे की सूचना मिलने के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। इसके बाद प्रशासन और पुलिस को घटना की सूचना दी गई।
एसडीएम और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ली जानकारी
सूचना मिलते ही एसडीएम विकास कुमार यादव और जलालपुर थानाध्यक्ष रवि कुमार पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया और ग्राम प्रधान धीरज सिंह तथा मृतका के परिजनों से घटना के संबंध में जानकारी ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। थानाध्यक्ष रवि कुमार के अनुसार, मृतका के पुत्र कंचन की सूचना पर शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
परिजनों के मुताबिक, संध्या सिंह के छह पुत्र हैं। इनमें श्रवण, सोनू सिंह और लायक सिंह जेल में हैं, जबकि रामायण सिंह उर्फ भाईजी के फरार होने की जानकारी दी गई है। वहीं, अन्य पुत्र राहुल और कंचन भी घटना के समय घर पर मौजूद नहीं थे। इसी वजह से रात में हुए हादसे की जानकारी परिवार को अगले दिन सुबह हो सकी। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों के बीच हादसे को लेकर चर्चा रही। प्रशासन और पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और घटना से जुड़ी जानकारी जुटाई। पुलिस की कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।