फतेहपुर में झोलाछाप के इंजेक्शन से 9 साल के बच्चे की मौत, एंबुलेंस से कूदकर भागा आरोपी

फतेहपुर: फतेहपुर के विजयीपुर कस्बे में इलाज के दौरान 9 वर्षीय बच्चे की मौत का मामला सामने आया है। परिजनों ने आरोप लगाया है कि सर्दी-जुकाम की शिकायत पर झोलाछाप द्वारा इंजेक्शन लगाए जाने के बाद बच्चे की हालत बिगड़ गई। हालत गंभीर होने पर उसे पहले खागा और फिर फतेहपुर के निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामला विजयीपुर कस्बे में पुलिस चौकी के सामने संचालित एक क्लीनिक का बताया जा रहा है। शनिवार सुबह नरौली मजरे गढ़ा निवासी संदीप निषाद अपनी पत्नी के इलाज के लिए क्लीनिक पहुंचे थे। उनका नौ वर्षीय बेटा शशांक भी उनके साथ आया था। परिजनों के अनुसार, क्लीनिक में शशांक ने सर्दी-जुकाम की शिकायत बताई। आरोप है कि झोलाछाप ने बच्चे को खाने के लिए कुछ दवाएं दीं। दवा खाने के बाद बच्चे को परेशानी होने लगी। इसके कुछ देर बाद क्लीनिक संचालक ने बच्चे की कमर में इंजेक्शन लगाया।

इंजेक्शन के बाद बिगड़ी बच्चे की हालत

पिता संदीप के अनुसार, इंजेक्शन लगने के बाद शशांक के सीने में तेज दर्द होने लगा। वह दर्द से छटपटाने लगा और कुछ देर बाद बेहोश हो गया। बच्चे की हालत बिगड़ती देख क्लीनिक संचालक उसे आनन-फानन में खागा कस्बे के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचा। परिजनों के मुताबिक, खागा के अस्पताल में उपचार के बावजूद बच्चे की हालत में सुधार नहीं हुआ। इसके बाद उसे फतेहपुर के एक निजी अस्पताल ले जाया गया। वहां रात करीब आठ बजे डॉक्टरों ने शशांक को मृत घोषित कर दिया।

बच्चे की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। इसके बाद परिजन शव लेकर विजयीपुर स्थित क्लीनिक के बाहर पहुंचे और हंगामा किया। सूचना मिलने पर पुलिस चौकी प्रभारी अखिलेंद्र प्रताप सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति संभाली। परिजनों का आरोप है कि रात में वे एंबुलेंस से बच्चे का शव लेकर घर लौट रहे थे। इस दौरान क्लीनिक संचालक भी एंबुलेंस में मौजूद था। खागा चौक के पास एंबुलेंस की गति धीमी होने पर वह दरवाजा खोलकर बाहर कूद गया और मौके से भाग निकला। पुलिस का कहना है कि मामले में तहरीर मिलने के बाद जांच की जाएगी। चौकी प्रभारी अखिलेंद्र प्रताप सिंह के अनुसार, जांच के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। बच्चे की मौत को लेकर परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच के बाद ही घटना की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *