ग्रेटर नोएडा वेस्ट की सोसायटी में लिफ्ट अचानक रुकी, 14 लोग 20 मिनट तक रहे बंद

ग्रेटर नोएडा वेस्ट: अजनारा होम्स सोसायटी की एक लिफ्ट में 14 लोगों के करीब 20 मिनट तक फंसे रहने का मामला सामने आया है। लिफ्ट में सवार लोगों के मुताबिक, बीच फ्लोर पर पहुंचते ही लिफ्ट अचानक झटके के साथ रुक गई। इसके बाद अंदर मौजूद लोगों में घबराहट की स्थिति बन गई। लिफ्ट में फंसे लोगों ने मदद के लिए इंटरकॉम के जरिए संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उनके मुताबिक इंटरकॉम चालू नहीं मिला। इसके अलावा लिफ्ट में सुरक्षा के लिए लगाया गया एआरडी यानी ऑटोमैटिक रेस्क्यू डिवाइस सिस्टम भी काम नहीं कर रहा था। ऐसे में लोगों को करीब 20 मिनट तक लिफ्ट के अंदर ही रहना पड़ा। लिफ्ट के अचानक रुकने और सुरक्षा उपकरणों के काम नहीं करने की जानकारी सामने आने के बाद सोसायटी के निवासियों में चिंता बढ़ गई है। खासतौर पर बड़ी संख्या में लोगों के एक साथ लिफ्ट में फंसने की घटना ने लिफ्ट के रखरखाव और आपातकालीन सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े किए हैं।

सुरक्षा उपकरणों की जांच की मांग

घटना के बाद सोसायटी के निवासियों ने लिफ्ट की तकनीकी जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि लिफ्ट में लगे सभी सुरक्षा उपकरणों की नियमित जांच और उनकी कार्यक्षमता सुनिश्चित की जानी चाहिए, ताकि किसी आपात स्थिति में लोगों को समय पर मदद मिल सके। निवासियों ने इंटरकॉम और एआरडी सिस्टम की स्थिति की भी जांच कराने की मांग की है। साथ ही, यदि लिफ्ट के रखरखाव में किसी तरह की लापरवाही सामने आती है तो जिम्मेदार एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग की गई है।

फिलहाल घटना के बाद सोसायटी में लिफ्ट की सुरक्षा और रखरखाव को लेकर चर्चा तेज हो गई है। निवासियों का कहना है कि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न बने, इसके लिए लिफ्ट की तकनीकी व्यवस्था और आपातकालीन सुरक्षा उपायों को दुरुस्त किया जाना जरूरी है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *