रात में घर लौट रहा था राजमिस्त्री, तालाब में गिरकर हुई मौत; सुबह मिला शव

उत्तर प्रदेश: हमीरपुर के भरुआ सुमेरपुर थाना क्षेत्र के पारा गांव में तालाब में डूबने से एक राजमिस्त्री की मौत हो गई। मृतक की पहचान पारा निवासी 42 वर्षीय श्रीकिशन पुत्र नत्थू वर्मा के रूप में हुई है। वह कस्बे में काम करने के बाद मंगलवार शाम अपने गांव लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में पड़ने वाले बड़ी देवी तालाब में गिरने से उसकी डूबकर मौत हो गई। बताया जा रहा है कि श्रीकिशन मंगलवार को कस्बे में राजमिस्त्री का काम करने गया था। काम खत्म करने के बाद शाम को वह गांव वापस जाने के लिए निकला था। ग्रामीणों ने उसे रात करीब 10 बजे सड़क पर देखा था। इसके बाद वह अपने घर की ओर चला गया। इसी दौरान रास्ते में बड़ी देवी तालाब के पास वह हादसे का शिकार हो गया। रात में श्रीकिशन के घर नहीं पहुंचने पर परिजनों को चिंता हुई। इसके बाद उन्होंने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन देर रात तक उसके बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी। परिजन और ग्रामीण उसकी तलाश करते रहे, लेकिन उसका पता नहीं चल पाया।

तालाब में उतराता गमछा देखकर हुआ शक

बुधवार सुबह ग्रामीण तालाब के किनारे से गुजर रहे थे। इसी दौरान उन्हें तालाब में एक गमछा उतराता हुआ दिखाई दिया। गमछा देखकर ग्रामीणों को शक हुआ कि कोई व्यक्ति तालाब में डूबा हो सकता है। इसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से तालाब में तलाश शुरू कराई। काफी प्रयास के बाद तालाब से एक शव बाहर निकाला गया। शव की पहचान पारा निवासी राजमिस्त्री श्रीकिशन के रूप में हुई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थानाध्यक्ष पवन कुमार पटेल ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस ने तालाब से शव बाहर निकलवाया और उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

वहीं, ग्रामीणों में चर्चा है कि श्रीकिशन नशे की हालत में तालाब में गिर गया होगा और डूबने से उसकी मौत हो गई। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। श्रीकिशन की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। वह अपने पीछे दिव्यांग पत्नी लीलावती, बेटियां प्रियंका और प्रांशी तथा बेटे करन और मनीष को छोड़ गया है। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे के बाद गांव में भी शोक का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *