
मध्य प्रदेश: भोपाल के रानी कमलापति रेलवे स्टेशन से एक ऐसा वीडियो सामने आया है, जिसने स्टेशन की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर दो भैंसें घूमती हुई दिखाई दीं। बताया जा रहा है कि जिस समय दोनों भैंसें प्लेटफॉर्म पर घूम रही थीं, उस दौरान वहां शताब्दी एक्सप्रेस भी खड़ी थी और यात्रियों की आवाजाही जारी थी। रानी कमलापति रेलवे स्टेशन को करीब 450 करोड़ रुपये की लागत से विकसित किया गया है। स्टेशन को वर्ल्ड क्लास सुविधाओं से लैस किए जाने की बात कही जाती है। ऐसे में प्लेटफॉर्म जैसे यात्री क्षेत्र में दो भैंसों के पहुंचने का वीडियो सामने आने के बाद स्टेशन की व्यवस्थाओं को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। वीडियो में प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर दो भैंसों को घूमते हुए देखा जा सकता है। खास बात यह है कि उसी समय प्लेटफॉर्म पर ट्रेन खड़ी थी और यात्री भी मौजूद थे। ऐसे में यात्रियों के बीच भी इस घटना को लेकर सवाल उठना स्वाभाविक है कि आखिर भैंसें स्टेशन के प्लेटफॉर्म तक कैसे पहुंचीं।
स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
करीब 450 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किए गए रानी कमलापति स्टेशन पर यात्रियों के लिए आधुनिक और वर्ल्ड क्लास सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया है। ऐसे स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर आवारा पशुओं के पहुंचने की घटना सामने आने के बाद सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
मामले को लेकर रेलवे प्रशासन से स्टेशन परिसर में आवारा पशुओं की रोकथाम के लिए प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की जा रही है। साथ ही यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए स्टेशन परिसर में निगरानी व्यवस्था पर भी ध्यान देने की जरूरत बताई जा रही है। प्लेटफॉर्म पर भैंसों के घूमने का वीडियो सामने आने के बाद यह मामला चर्चा में है। यात्रियों की लगातार आवाजाही वाले प्लेटफॉर्म पर इस तरह आवारा पशुओं का पहुंचना सुरक्षा के लिहाज से भी चिंता का विषय माना जा रहा है। अब मामले को लेकर रेलवे प्रशासन की ओर से क्या कदम उठाए जाते हैं, इस पर नजर रहेगी।