
ग्रेटर नोएडा: हरलाल इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी (एचआईएमटी) के आईटी विभाग की ओर से नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं के स्वागत के लिए फ्रेशर पार्टी ‘आरब्ध’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नए विद्यार्थियों का पुराने छात्रों ने उत्साह के साथ स्वागत किया। इस दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, विभिन्न प्रतियोगिताओं और मनोरंजक गतिविधियों के जरिए विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिला। कार्यक्रम का शुभारंभ संस्थान के सचिव अनिल बंसल ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर संस्थान के सह-सचिव अनमोल बंसल ने टॉपर छात्र-छात्राओं को दी जाने वाली विशेष स्कॉलरशिप की घोषणा की। संस्थान के ग्रुप डायरेक्टर डॉ. सुधीर कुमार ने विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए उन्हें शिक्षा और करियर में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
डांस, सिंगिंग और रैंप वॉक में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा
फ्रेशर पार्टी के दौरान मिस्टर और मिस फ्रेशर के चयन के लिए अंतिम चरण की प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इनमें डांसिंग, सिंगिंग, व्यक्तित्व विकास और रैंप वॉक जैसी गतिविधियां शामिल रहीं। प्रतियोगियों ने पूरे उत्साह के साथ अपनी प्रतिभा और आत्मविश्वास का प्रदर्शन किया। विभिन्न चरणों में प्रतिभागियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए, जिससे आयोजन का माहौल उत्साहपूर्ण बना रहा। प्रतियोगिताओं के बाद मास्टर ऑफ कंप्यूटर एप्लीकेशन (एमसीए) पाठ्यक्रम से आयुष को मिस्टर फ्रेशर और आस्था को मिस फ्रेशर चुना गया। वहीं, बैचलर ऑफ कंप्यूटर एप्लीकेशन (बीसीए) पाठ्यक्रम में प्रिंस दुबे को मिस्टर फ्रेशर और प्रियांशी को मिस फ्रेशर का खिताब मिला। संस्थान के सचिव अनिल बंसल ने सभी विजेताओं को उपहार देकर सम्मानित किया और उन्हें भविष्य में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।
अनिल बंसल ने कहा कि इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ उनके व्यक्तित्व विकास में भी सहायक होते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ सांस्कृतिक और रचनात्मक गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया। संस्थान के चेयरमैन एच.एस. बंसल ने मिस्टर और मिस फ्रेशर चुने गए विद्यार्थियों को बधाई दी। उन्होंने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए पुराने छात्रों की सराहना की। विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि संस्थान का उद्देश्य विद्यार्थियों के करियर को बेहतर दिशा देना है और इसके लिए लगातार प्रयास किए जाते हैं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों का प्रदर्शन संस्थान के प्रयासों को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इस अवसर पर आईटी विभाग के प्रमुख नरेंद्र उपाध्याय ने विद्यार्थियों को संस्थान में उपलब्ध सुविधाओं, शिक्षण व्यवस्था और प्लेसमेंट से जुड़ी जानकारी दी। कार्यक्रम में संस्थान के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर डॉ. विक्रांत चौधरी, डायरेक्टर ऑफ मैनेजमेंट डॉ. पंकज कुमार, प्रिंसिपल ऑफ लॉ डॉ. रमादत्त, एडमिन ऑफिसर कविता चौधरी सहित समूह के शिक्षक मौजूद रहे। आयोजन के माध्यम से नए विद्यार्थियों को संस्थान के माहौल से जुड़ने और अपने सहपाठियों के साथ परिचय बढ़ाने का अवसर मिला।