
भरुआ सुमेरपुर: मुंडेरा गांव में शनिवार रात दो पक्षों के बीच मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि निमंत्रण करके घर लौट रहे एक युवक पर गांव के कुछ लोगों ने रॉड और ईंट से हमला कर दिया, जिससे उसका सिर फट गया और वह लहूलुहान हो गया। घटना के बाद दोनों पक्षों की ओर से पुलिस में मुकदमे दर्ज कराए गए हैं। पुलिस ने दोनों पक्षों के दो-दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। मुंडेरा निवासी राजेंद्र यादव ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि शनिवार रात करीब नौ बजे वह गांव के डाल सिंह इंटर कॉलेज से निमंत्रण करके घर लौट रहा था। रास्ते में इंडियन बैंक के पास स्थित एक दुकान से गुटखा लेने के बाद वह घर जा रहा था। इसी दौरान गांव निवासी पप्पू सिंह ने अपने पुत्र पीयूष सिंह, अमर सिंह और नंदू के साथ मिलकर उस पर हमला कर दिया।
दोनों पक्षों ने दर्ज कराया मुकदमा
राजेंद्र यादव के अनुसार, हमलावरों ने रॉड और ईंट से वार किए, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट आई और वह लहूलुहान हो गए। पुलिस ने राजेंद्र की तहरीर के आधार पर पप्पू सिंह, पीयूष सिंह, अमर सिंह और नंदू के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। वहीं, मामले में दूसरे पक्ष की ओर से भी शिकायत दर्ज कराई गई है। अमर सिंह ने गांव के निवासी छोटू, बाबू, राममिलन और संपत यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। इस तरह मारपीट के मामले में दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ आरोप लगाए हैं। थानाध्यक्ष पवन कुमार पटेल ने बताया कि दोनों पक्षों के दो-दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।