मथुरा में अग्रवाल सभा के रजत जयंती महोत्सव के चौथे दिन निकली भव्य कलश यात्रा, जगह-जगह हुआ स्वागत

मथुरा: श्री अग्रवाल सभा (रजि.) के तत्वावधान में आयोजित अष्टदिवसीय महाराजा अग्रसेन रजत जयंती महोत्सव के चौथे दिन धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान अग्रवाल समाज के सैकड़ों लोगों ने उत्साह के साथ भाग लिया। महोत्सव के अंतर्गत निकाली गई भव्य कलश यात्रा आकर्षण का केंद्र रही। यात्रा में 108 महिलाएं सिर पर कलश धारण कर शामिल हुईं। रास्ते में जगह-जगह समाज के लोगों ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया और इसमें शामिल महिलाओं का अभिनंदन किया। महोत्सव के चौथे दिन कार्यक्रमों की शुरुआत मसानी लिंक रोड स्थित अग्र वाटिका में हुई। यहां महाराजा अग्रसेन जी के चित्रपट पर सामूहिक पुष्पांजलि अर्पित की गई। इसके बाद मुख्य निर्वाचन अधिकारी जयंती प्रसाद अग्रवाल और सभा अध्यक्ष अशोक बंसल ने संयुक्त रूप से ध्वजारोहण किया। इसके बाद अग्रोहा विकास ट्रस्ट समिति के तत्वावधान में चौक बाजार से भव्य कलश यात्रा निकाली गई। यात्रा में 108 महिलाएं सिर पर कलश रखकर शामिल हुईं। मां लक्ष्मी की आकर्षक झांकी के साथ रथ पर महाराजा अग्रसेन, माता माधवी और उनके 18 पुत्रवधुओं के स्वरूप विराजमान रहे। यात्रा के आगे बढ़ने के साथ ही मार्ग में विभिन्न स्थानों पर इसका स्वागत किया गया। समाज के लोगों ने पुष्पवर्षा कर रथ और कलश यात्रा में शामिल मातृशक्ति का अभिनंदन किया तथा उन्हें स्मृति चिह्न भेंट किए।

अग्रसेन चौराहे पर हुआ भव्य स्वागत

कलश यात्रा जब अग्रसेन चौराहे पर पहुंची तो वहां पहले से मौजूद सैकड़ों महिला-पुरुषों ने महाराजा अग्रसेन की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इस दौरान महाराजा अग्रसेन के जयकारों से माहौल गूंज उठा। चौराहे पर पहुंचे गणमान्य और वरिष्ठ नागरिकों का कार्यक्रम के मुख्य पदाधिकारियों ने विशेष सम्मान किया। महोत्सव के आयोजन को सफल बनाने में प्रधानमंत्री सुभाष अग्रवाल सिक्का, मीडिया प्रभारी सचिन अग्रवाल, पुष्पांजलि संयोजक मनोज कड़े वाले, कलश यात्रा के स्वागतकर्ता और महाराजा अग्रसेन के स्वरूप गोवर्धन दास नीनू अग्रवाल का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम में कोषाध्यक्ष राजकुमार अग्रवाल, धीरज गोयल, अतुल हार्डवेयर, संदीप अडूकी, महावीर मित्तल, हरिओम अग्रवाल (मांट वाले), कृष्ण मुरारी सर्राफ नेताजी, किशोर मित्तल, अंकित बंसल, रोहित एटा, योगेश गोयल, आशा अग्रवाल, मीरा अग्रवाल, रेनू अग्रवाल और शशि अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में अग्रबंधु उपस्थित रहे। महोत्सव के विभिन्न आयोजनों में समाज के सदस्यों की भागीदारी और उत्साह देखने को मिला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *