
कुरारा, हमीरपुर: विकासखंड क्षेत्र में नवरात्र के अवसर पर जगह-जगह देवी पंडाल सजाए गए हैं। श्रद्धालु मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित कर पूजा-अर्चना कर रहे हैं। सुबह और शाम होने वाली आरती में ग्रामीण बड़ी संख्या में पहुंचकर मां के दर्शन कर रहे हैं। नौ दिनों तक क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बना हुआ है और गांवों में मां के जयकारे गूंज रहे हैं। क्षेत्र के डामर गांव में देवी भक्तों ने पंडाल सजाकर मां की प्रतिमा स्थापित की है। यहां सुबह और शाम आरती के समय ग्रामीणों की भीड़ जुटती है। पंडाल सजाने वाले भक्त सौरभ सिंह और धनंजय सिंह ने बताया कि हर वर्ष श्रद्धा और भक्ति के साथ नौ दिनों के लिए देवी प्रतिमा स्थापित की जाती है। इस दौरान मां का शृंगार कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की जाती है।
आरती के बाद देर रात तक होता है अचरी गायन
डामर गांव में शाम की आरती के समय बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। आरती के बाद रात में अचरी गायन का कार्यक्रम आयोजित किया जाता है, जो देर रात तक चलता है। आरती के समय पुलिस की गश्त भी मौजूद रहती है। वहीं, पारा गांव में निवासी श्यामू सिंह ने अपने घर के दरवाजे पर मां दुर्गा का पंडाल सजाया है। यहां भी प्रतिदिन सुबह और शाम आरती की जाती है। आरती के दौरान भक्तों की भीड़ जुटती है और श्रद्धालु मां के जयकारे लगाते हैं। नवरात्र के चलते डामर और पारा सहित क्षेत्र के गांवों में धार्मिक उत्साह देखने को मिल रहा है। श्रद्धालु नौ दिनों तक मां की आराधना में जुटे हुए हैं और पूजा-अर्चना के साथ आरती में शामिल होकर अपनी श्रद्धा व्यक्त कर रहे हैं।