
हमीरपुर: मिशन शक्ति फेज-6 के तहत शहर के राजकीय बालिका इंटर कॉलेज (जीजीआईसी) में कैरियर गाइडेंस मेला एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी अशोक कुमार ने फीता काटकर किया। इस दौरान उन्होंने छात्राओं को जीवन में बड़े लक्ष्य निर्धारित करने और मेहनत व आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। समारोह में खेलकूद, एथलेटिक्स और सांस्कृतिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को सम्मानित भी किया गया। जिलाधिकारी ने कैरियर काउंसलिंग स्टालों, छात्राओं की ओर से तैयार किए गए मॉडलों और पंख पोर्टल कॉर्नर का अवलोकन किया। उन्होंने छात्राओं को कैरियर के विभिन्न विकल्पों के बारे में जानकारी हासिल करने और अपनी रुचि के अनुसार भविष्य की राह चुनने के लिए प्रोत्साहित किया।
प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में मिलेगी मदद
डीएम अशोक कुमार ने कहा कि पंख पोर्टल के माध्यम से छात्राएं उच्च शिक्षा, विभिन्न पाठ्यक्रमों और कैरियर के विकल्पों की जानकारी प्राप्त कर सकती हैं। उन्होंने शिक्षकों को छात्राओं की पढ़ाई और शैक्षणिक प्रगति पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जेईई, नीट और प्रशासनिक सेवाओं की तैयारी करने वाली छात्राओं को जरूरत पड़ने पर मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के माध्यम से मार्गदर्शन और कोचिंग की व्यवस्था कराने का प्रयास किया जाएगा। इससे छात्राओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए उचित मार्गदर्शन उपलब्ध कराने में मदद मिल सकती है।
समारोह में खेलकूद और एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रतिभा, सुलोचना, प्रतिज्ञा, प्रियंका, निशु, नंदिनी, साबरीन और साक्षी सहित अन्य प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में बेहतर प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को भी पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया गया। जिलाधिकारी ने छात्राओं को मेहनत, आत्मविश्वास और लगन के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ने का संदेश दिया। उन्होंने जन्म पंजीकरण समय से कराने की अपील भी की। कार्यक्रम में सीएमओ डॉ. अलका शुक्ला, प्रधानाचार्या सरस्वती देवी सहित विद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी और छात्राएं मौजूद रहीं।