
मथुरा: शारदीय नवरात्रि और दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इसी क्रम में पुलिस उपायुक्त सेंट्रल अतुल कुमार श्रीवास्तव और अपर पुलिस उपायुक्त सेंट्रल डॉ. अर्चना सिंह ने पुलिस बल के साथ थाना नजीराबाद क्षेत्र में पैदल गश्त की। इस दौरान प्रमुख मार्गों, बाजारों, भीड़भाड़ वाले इलाकों और महत्वपूर्ण स्थलों का भ्रमण कर सुरक्षा इंतजामों का निरीक्षण किया गया।
संदिग्धों पर नजर रखने और सतर्कता बरतने के निर्देश
पैदल गश्त के दौरान पुलिस अधिकारियों ने आमजन से संवाद कर उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिलाया। साथ ही लोगों से आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण और आपसी भाईचारे के साथ मनाने की अपील की गई। अधिकारियों ने कहा कि त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए सतर्क रहना जरूरी है। इस दौरान संबंधित पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को नियमित पैदल गश्त करने, प्रभावी चेकिंग सुनिश्चित करने और संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। पुलिसकर्मियों से संदिग्ध व्यक्तियों और अराजक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखने को भी कहा गया, ताकि त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था बनी रहे। पुलिस अधिकारियों ने सुरक्षा प्रबंधों को प्रभावी बनाए रखने और किसी भी अप्रिय घटना की रोकथाम के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। पुलिस का उद्देश्य नवरात्रि और दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराना है।