मड़मड़ा-कबरटोला को विकास की सौगात, डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने किए लोकार्पण और भूमिपूजन

कवर्धा/कबीरधाम: छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले के बोड़ला विकासखंड स्थित मड़मड़ा और कबरटोला गांवों को विभिन्न विकास कार्यों की सौगात मिली है। उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने मड़मड़ा में नवनिर्मित आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक-01 और पांच लाख रुपये की लागत से बने अटल डिजिटल सेवा केंद्र का लोकार्पण किया। इसके साथ ही 47.15 लाख रुपये की लागत से बनने वाले 500 मीटर लंबे गौरव पथ का भूमिपूजन कर निर्माण कार्य की शुरुआत की। उन्होंने दोनों गांवों में सड़क, सामुदायिक भवन, नाली और मंच निर्माण सहित कई विकास कार्यों की घोषणाएं भी कीं। मड़मड़ा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान नवनिर्मित आंगनबाड़ी केंद्र का शुभारंभ स्थानीय महिलाओं ने उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा की उपस्थिति में फीता काटकर किया। नए भवन से बच्चों को प्रारंभिक शिक्षा, पोषण और आंगनबाड़ी से जुड़ी आवश्यक सेवाओं के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध होने की उम्मीद है। इस मौके पर उप मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों से संवाद किया और बच्चों के पोषण, शिक्षा तथा स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने की अपील की।

अटल डिजिटल सेवा केंद्र से गांव में मिलेंगी बैंकिंग सुविधाएं

मड़मड़ा में पांच लाख रुपये की लागत से निर्मित अटल डिजिटल सेवा केंद्र ग्रामीणों के लिए महत्वपूर्ण सुविधा के रूप में विकसित किया गया है। इसके माध्यम से गांव में ही बैंकिंग और डिजिटल सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी। महतारी वंदन योजना, वृद्धावस्था पेंशन और दिव्यांग पेंशन सहित विभिन्न शासकीय योजनाओं की राशि निकालने के साथ जमा करने जैसी बैंकिंग सुविधाओं का लाभ भी ग्रामीणों को मिल सकेगा। इससे छोटे बैंकिंग कार्यों के लिए शहर जाने की जरूरत और उससे जुड़ा अतिरिक्त खर्च कम होने की उम्मीद है। गांव में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए उप मुख्यमंत्री ने मड़मड़ा से बैजलपुर मुख्य मार्ग के निर्माण की घोषणा की। यह सड़क मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत बनाई जाएगी। इसके अलावा बाजार छपरी में 15 लाख रुपये, पटवारी भवन के पास 10 लाख रुपये और पुरानी सोसायटी के पास 6.50 लाख रुपये की लागत से सामुदायिक भवन बनाने की घोषणा की गई। इन प्रस्तावित कार्यों से ग्रामीणों को आवागमन और सामुदायिक गतिविधियों के लिए सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना है। कबरटोला में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा दुर्गोत्सव एवं नवधा रामायण कार्यक्रम में भी शामिल हुए। उन्होंने देवी के दर्शन कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इसके बाद उन्होंने नवधा रामायण पाठ सुना और ग्रामीणों के साथ रामधुन के भक्तिमय वातावरण में सहभागिता की। धार्मिक कार्यक्रम के बाद उप मुख्यमंत्री ग्रामीणों के बीच बैठे और उनसे बातचीत कर उनकी समस्याएं तथा मांगें सुनीं। ग्रामीणों ने सड़क, नाली और सामुदायिक भवन सहित विभिन्न बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं रखीं। इस पर उप मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करते हुए समस्याओं के निराकरण के निर्देश दिए।

कबरटोला में कुल 20.20 लाख रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्य कराने की घोषणा की गई। इसके तहत पंचायत भवन के पास 6.50 लाख रुपये की लागत से सामुदायिक भवन बनाया जाएगा। इसके अलावा 2.60-2.60 लाख रुपये की लागत से दो सीसी सड़कों का निर्माण कराया जाएगा। नवधा रामायण मंच के पास 3.50 लाख रुपये की लागत से मंच निर्माण और शीतला मंदिर की ओर पांच लाख रुपये की लागत से नाली निर्माण की भी घोषणा की गई। इन प्रस्तावित कार्यों का उद्देश्य गांव में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार करना और ग्रामीणों की जरूरतों के अनुरूप विकास कार्य कराना है। मड़मड़ा और कबरटोला में हुई घोषणाओं के तहत सड़क, सामुदायिक भवन, नाली और अन्य सार्वजनिक सुविधाओं से जुड़े कार्य शामिल हैं। मड़मड़ा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, जिला पंचायत सदस्य मनीराम साहू, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष विदेशीराम धुर्वे, जनपद अध्यक्ष रामकिंकर वर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *