
भरुआ सुमेरपुर: शारदीय नवरात्र के अंतिम दिन इंगोहटा गांव में भक्ति और उल्लास का माहौल रहा। गांव के विभिन्न दुर्गा पंडालों में धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। देवी गीतों, भजनों और जयकारों से पूरा गांव भक्तिमय हो उठा। देर रात तक पंडालों में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी रही और भक्त माता रानी की आराधना में लीन रहे।
रातभर गूंजे देवी गीत और भजन-कीर्तन
रामलीला मैदान स्थित सहकारी समिति परिसर में कानपुर से आए कलाकारों ने देवी जागरण प्रस्तुत किया। रातभर चले इस कार्यक्रम में कलाकारों ने देवी भजनों की प्रस्तुति दी, जिन पर श्रद्धालु झूमते नजर आए। जागरण के दौरान भक्तिमय वातावरण बना रहा और श्रद्धालुओं ने माता रानी के जयकारे लगाए। वहीं, कालीदेवी मंदिर, ज्ञानेश दीक्षित के निकट, पूर्व प्रधान शीतल कुटार और बीडी श्रीवास के घर के समीप स्थित दुर्गा पंडालों में देवी गीत, अचरी और भजन-कीर्तन के कार्यक्रम हुए। मुमुक्ष आश्रम स्थित त्रिशक्ति पीठ सहित अन्य पंडालों में भी देर रात तक श्रद्धालुओं का जमावड़ा लगा रहा। नवरात्र के अंतिम दिन धार्मिक आयोजनों को लेकर गांव में खास उत्साह दिखाई दिया। पूरे गांव में माता रानी के जयकारे गूंजते रहे और श्रद्धालु भक्ति के रंग में रंगे नजर आए।