धनतेरस-दीपावली पर बाजार की सुरक्षा बढ़ाने की मांग, व्यापारियों ने डीएम-एसपी को सौंपा ज्ञापन

हमीरपुर: शहर के सुभाष बाजार समेत आसपास के इलाकों में बंदरों के बढ़ते आतंक और धनतेरस-दीपावली पर बाजार में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत कराने की मांग को लेकर व्यापारियों ने सोमवार को जिलाधिकारी अशोक कुमार और पुलिस अधीक्षक मृगांक शेखर पाठक को ज्ञापन सौंपा। नगर उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष धीरेन्द्र प्रकाश गुप्ता उर्फ धीरू के नेतृत्व में व्यापारियों ने बाजार में बंदरों को पकड़वाने, बैरिकेडिंग कराने और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने की मांग उठाई व्यापारियों ने जिलाधिकारी को दिए ज्ञापन में बताया कि मुख्यालय के सुभाष बाजार और आसपास के क्षेत्रों में बंदरों का आतंक लगातार बढ़ रहा है। बंदर राहगीरों को काटने के लिए दौड़ाते हैं, जिससे लोगों में भय बना रहता है। बाजार में खरीदारी के लिए आने वाले लोगों को बंदरों के हमले का खतरा रहता है। व्यापारियों के अनुसार, आगामी धनतेरस और दीपावली के दौरान बाजार में भीड़ बढ़ने से किसी अप्रिय घटना की आशंका भी बनी हुई है। व्यापार मंडल ने मांग की कि वन विभाग की बंदर पकड़ने वाली टीम को बुलाकर बंदरों को पकड़ा जाए, ताकि बाजार में आने वाले ग्राहकों, दुकानदारों और राहगीरों को राहत मिल सके। व्यापारियों ने कहा कि त्योहारों के दौरान बाजार में ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग खरीदारी करने पहुंचेंगे। ऐसे में बंदरों की समस्या का समय रहते समाधान जरूरी है।

त्योहारों पर बाजार में बैरिकेडिंग और अतिरिक्त पुलिस बल की मांग

व्यापारियों ने पुलिस अधीक्षक को दिए ज्ञापन में धनतेरस से दीपावली तक सुभाष बाजार में ई-रिक्शा और चारपहिया वाहनों का प्रवेश रोकने की मांग की। उनका कहना है कि त्योहार के दौरान बाजार में भारी भीड़ रहती है। ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले लोग फुटपाथ पर दीपक, रूई और अन्य त्योहार संबंधी सामान की दुकानें लगाते हैं। इससे बाजार में आवागमन प्रभावित होता है और जाम की स्थिति बन जाती है। व्यापार मंडल ने बाजार में पर्याप्त पुलिस बल के साथ महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती कराने का भी सुझाव दिया। व्यापारियों के मुताबिक, त्योहारों के दौरान बाजार में महिलाओं और परिवारों की भी बड़ी संख्या में आवाजाही रहती है। ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होने से खरीदारी करने आने वाले लोगों को सुविधा मिलेगी। व्यापारियों ने बाजार में पांच स्थानों पर बैरिकेडिंग कराने का प्रस्ताव रखा है। इनमें सूफीगंज चौराहा, चुन्नीलाल अग्रवाल के घर के बाहर, किंग रोड स्थित रामजी जनरल स्टोर, आकिल तिराहा और डॉक्टर बंगाली अस्पताल के आगे का स्थान शामिल है। इन स्थानों पर बैरिकेडिंग होने से बाजार में ई-रिक्शा और चारपहिया वाहनों का प्रवेश नियंत्रित किया जा सकेगा। व्यापार मंडल ने 6 से 8 नवंबर तक विशेष सुरक्षा व्यवस्था लागू कराने की मांग की है। व्यापारियों का कहना है कि त्योहार के दौरान बाजार में भीड़ को देखते हुए वाहनों का प्रवेश रोकना और पुलिस की तैनाती बढ़ाना जरूरी है। इससे खरीदारी के लिए आने वाले लोगों को जाम और अव्यवस्था से राहत मिल सकेगी।

व्यापारियों ने अधिकारियों से बंदरों की समस्या का समाधान कराने और त्योहारों के दौरान बाजार में सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की अपील की। उनका कहना है कि समय रहते आवश्यक कदम उठाए जाने से बाजार में खरीदारी करने आने वाले लोगों को परेशानी नहीं होगी और व्यापारियों को भी राहत मिलेगी। इस मौके पर नगर उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष युवा अंजनी कुमार गुप्ता, प्रदेश उपाध्यक्ष युवा दीपक मिश्रा, कोषाध्यक्ष जयकिशोर गुप्ता, महामंत्री अंकित ओमर, रोहित तिवारी, मकबूल साबरी, अमित गुप्ता और शाश्वत ओमर सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *