
हमीरपुर: कोतवाली क्षेत्र के ग्राम करहिया में देर रात किसी बात को लेकर दो लोगों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद ने मारपीट का रूप ले लिया, जिसमें दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस और एंबुलेंस की मदद से घायलों को कस्बे के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की हालत गंभीर देखते हुए सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। जानकारी के अनुसार, करहिया गांव निवासी संजय पुत्र राम औतार और अर्जुन पुत्र बाबूलाल के बीच देर रात किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर दोनों के बीच जमकर मारपीट हुई। इस दौरान दोनों को गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद गांव में हलचल मच गई और स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। दोनों घायलों को उपचार के लिए मौदहा के सरकारी अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार करने के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। फिलहाल दोनों का इलाज कराया जा रहा है।
पुलिस जांच में जुटी, तहरीर मिलने का इंतजार
कोतवाली प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जानकारी पुलिस को मिली है। पुलिस दोनों घायलों का इलाज करा रही है। अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। मारपीट के पीछे की वजह और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का पता लगाया जा रहा है। वहीं, दोनों घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।