
वृंदावन। वृंदावन को नगर निगम से अलग कर दोबारा स्वतंत्र ए-श्रेणी (प्रथम श्रेणी) नगरपालिका परिषद का दर्जा दिलाने की मांग जोर पकड़ने लगी है। इस मांग को लेकर वृंदावन ए-श्रेणी नगरपालिका जन अभियान मंच ने जनजागरण अभियान तेज कर दिया है। इसी कड़ी में बुधवार को समाजसेवी जितेंद्र सिंह राणा की अध्यक्षता में हस्ताक्षर अभियान की शुरुआत की गई। अभियान के माध्यम से स्थानीय लोगों को इस मांग से जोड़ने और उनका समर्थन जुटाने का प्रयास किया जा रहा है ,हस्ताक्षर अभियान की शुरुआत विद्यापीठ चौराहे से हुई। इसके बाद अभियान से जुड़े लोग गौतमपाड़ा, गांधी नगर और आसपास के मोहल्लों में पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने घर-घर जाकर स्थानीय नागरिकों से मुलाकात की और उन्हें वृंदावन को फिर से स्वतंत्र ए-श्रेणी नगरपालिका परिषद का दर्जा दिलाने की मांग के बारे में जानकारी दी। इस दौरान लोगों को अभियान के उद्देश्य से अवगत कराया गया और मांग के समर्थन में उनके हस्ताक्षर भी एकत्रित किए गए। आयोजकों का कहना है कि इस मुहिम को अधिक से अधिक नागरिकों तक पहुंचाकर वृंदावनवासियों की सामूहिक आवाज को शासन और प्रशासन के सामने मजबूती से रखा जाएगा।
नगर के भविष्य के लिए एकजुट होने की अपील
मंच के पदाधिकारियों ने बताया कि इस जनजागरण अभियान का उद्देश्य केवल हस्ताक्षर जुटाना नहीं, बल्कि वृंदावन के नागरिकों को नगर के विकास और स्थानीय जरूरतों से जुड़े मुद्दों पर एक मंच पर लाना भी है। उनका कहना है कि वृंदावन को पुनः स्वतंत्र ए-श्रेणी नगरपालिका परिषद का दर्जा दिलाने की मांग को व्यापक जनसमर्थन के साथ शासन तक पहुंचाया जाएगा।अभियान से जुड़े लोगों ने कहा कि वृंदावन का अपना अलग मूल स्वरूप और स्थानीय आवश्यकताएं हैं। ऐसे में नगर के भविष्य से जुड़े विषयों पर नागरिकों की भागीदारी जरूरी है। इसी उद्देश्य से अलग-अलग मोहल्लों में जाकर लोगों को जागरूक किया जा रहा है, ताकि इस मांग को जनआंदोलन का रूप दिया जा सके। मंच ने नगरवासियों से अपील की कि वे इस अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और वृंदावन के विकास तथा स्थानीय हितों से जुड़े मुद्दों पर एकजुट होकर अपनी आवाज उठाएं। हस्ताक्षर अभियान के दौरान मुकेश खंडेलवाल, गोविंद शर्मा, उदय सिंह, विजय सिंह, योगेश योगिराज, रवि, धर्मेश खरे, ज्ञानी ठाकुर, शैलेंद्र सिंह चौहान, होची गुरु, उदयपाल सिंह और तपेश पाठक सहित अन्य लोग मौजूद रहे।