घर छोड़ने का झांसा देकर महिला से टप्पेबाजी, जेवर और नकदी लेकर फरार हुए बाइक सवार

भरुआ सुमेरपुर: कस्बे में एक महिला को घर तक छोड़ने का भरोसा देकर बाइक सवार दो युवकों ने टप्पेबाजी की वारदात को अंजाम दिया। युवकों ने पहले महिला को अपनी बाइक पर बैठाया और रास्ते में मंदिर में दर्शन करने के बहाने उसका पर्स ले लिया। इसके बाद महिला को चकमा देकर दोनों युवक बाइक समेत फरार हो गए। पर्स में महिला के जेवरात और नकदी रखी थी। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, फतेहपुर जनपद के ललौली थाना क्षेत्र के महना गांव निवासी उषा देवी सोनकर कस्बे के इमिलिया थोक में अपनी जेठानी की मां के अंतिम संस्कार में शामिल होने आई थीं। कार्यक्रम में शामिल होने के बाद वह रात में अपने घर लौटने के लिए निकलीं। रात करीब 9:15 बजे वह बांदा मार्ग पर रेलवे क्रॉसिंग के पास किसी साधन का इंतजार कर रही थीं। इसी दौरान बाइक सवार दो युवक वहां पहुंचे। उन्होंने महिला से बातचीत कर उन्हें घर तक छोड़ने का भरोसा दिया। युवकों की बातों में आकर महिला उनकी बाइक पर बैठ गईं। रास्ते में इसौली गांव के पास शिव मंदिर के नजदीक दोनों युवकों ने मंदिर में दर्शन करने की बात कही।

मंदिर में दर्शन के बहाने लिया पर्स

महिला के अनुसार, युवकों ने उनसे अपने जेवरात और नकदी मंगलसूत्र, पायल व कान के टॉप्स समेत पर्स में रखने को कहा। उनकी बातों पर भरोसा करके महिला ने अपना सामान पर्स में रख दिया। इसके बाद दोनों युवकों ने पर्स अपने पास ले लिया।

जैसे ही महिला मंदिर की ओर दर्शन करने के लिए जाने लगीं, दोनों युवक मौका पाकर बाइक लेकर वहां से भाग निकले। महिला ने उन्हें रोकने और पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन तब तक दोनों युवक फरार हो चुके थे। इस तरह घर पहुंचाने का भरोसा देकर युवकों ने महिला के साथ टप्पेबाजी कर दी। घटना के बाद पीड़िता ने पुलिस से शिकायत की। उषा देवी की तहरीर के आधार पर पुलिस ने अज्ञात युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। प्रभारी थानाध्यक्ष विजेंद्र सिंह ने मुकदमा दर्ज किए जाने की पुष्टि की है। पुलिस मामले की जांच कर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *